कोरबा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरा में अंतिम संस्कार के दौरान चिता से उठी चिंगारी ने एक गरीब ग्रामीण का आशियाना ही भस्म कर दिया। तेज गर्मी और हवाओं के कारण आग ने तेजी से फैलकर उमेश कुमार के घर को चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना के समय घर में उमेश कुमार अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थे, जबकि पत्नी नहाने के लिए बाहर गई थीं। अचानक आग लगते ही उमेश और उनके दोनों बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोग घर से थोड़ी ही दूरी पर जंगल के पास अंतिम संस्कार कर रहे थे। उसी दौरान उठी आग की चिंगारियां तेज हवा के साथ उड़ते हुए उमेश कुमार के घर तक पहुंच गईं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पास के कुएं से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर में रखा राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल चुका था।
इस घटना के बाद ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में खुले स्थानों पर अंतिम संस्कार करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। ग्राम पंचायत पचरा के सरपंच द्वारा प्रशासन से पीड़ित परिवार को राहत और मुआवजा देने की मांग की जा रही है।




