कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जिला परिषद कोरबा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधीश कार्यालय पहुंचकर जिले की विभिन्न गंभीर जन-समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने प्रशासन से इन समस्याओं का संज्ञान लेकर तत्काल निराकरण की मांग की है।
जिला सचिव पवन कुमार वर्मा के नेतृत्व में एडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित 10 प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया गया है:
- आवागमन बाधित: दादर, रविशंकर नगर, राजेंद्र नगर, एम.पी. नगर, सुभाष ब्लॉक सहित 10 से अधिक कॉलोनियों के निवासियों को प्रातः एवं रात्रि में रेलवे स्टेशन मार्ग अवरुद्ध होने से भारी परेशानी।
- दुर्घटना की आशंका: पावर हाउस रोड नहर पुल से सीतामढ़ी स्टेशन मार्ग पर नहर की जर्जर बाउंड्रीवॉल से कभी भी बड़ा हादसा होने का खतरा।
- राशन में अनियमितता: हजारों पात्र हितग्राहियों के नाम राशन कार्ड से हटाए गए। नाम जुड़ने के बाद भी राशन नहीं मिल रहा।
- तालाब का रख-रखाव: वार्ड क्र.-12 के लक्ष्मण वन तालाब की सफाई एवं जल भराव की तत्काल व्यवस्था हो।
- भारी वाहनों का आतंक: बालको बजरंग चौक से रिद्धि-सिद्धि चौक तक भारी वाहनों से रोजाना दुर्घटनाएं। बालको कर्मचारियों की सुरक्षा हेतु पाली समय से 30 मिनट पहले व बाद तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए।
- बाजार की बदहाली: परसाभाठा साप्ताहिक बाजार की गुमटियों के शेड व पी.सी.सी. रोड जर्जर, व्यापारियों व जनता में असुरक्षा का भाव।
- जर्जर पुल-सड़कें: भदरापारा गायत्री मंदिर से रूमगड़ा तक तीन पुल व सड़क बदहाल, कई नागरिकों की जा चुकी है जान।
- मुआवजा लंबित: बरपाली-तुमान सड़क हेतु अधिग्रहित भूमि का किसानों को आज तक मुआवजा नहीं मिला।
- जल निकासी ठप: ग्राम तुमान में नाली न होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।
- तालाब क्षतिग्रस्त: ग्राम तुमान का पुराना तालाब उत्तर दिशा से फूटा हुआ है। वर्षा पूर्व मरम्मत नितांत आवश्यक।
जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने कहा कि “ये सभी समस्याएं आम जनता के जीवन से सीधे जुड़ी हैं। प्रशासन यदि समय रहते कदम नहीं उठाता तो पार्टी को जन-आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।”
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला सचिव पवन कुमार वर्मा, कामरेड एन. के. दास, कामरेड मीना यादव कामरेड हेमा चौहान एवं कामरेड रामू केवट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





