कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा कोयला खदान क्षेत्र में शनिवार को माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब रात्रि पाली में ड्यूटी पर तैनात माइनिंग सरदार चंद्रशेखर दास के साथ नीलकंठ कंपनी के एक ड्राइवर ने गाली-गलौज और मारपीट कर दी। इस घटना से आक्रोशित माइनिंग स्टाफ़ ने खदान का उत्पादन पूरी तरह ठप्प कर दिया। बाद में उस चालक पर कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक नीलकंठ कंपनी के ड्राइवर राजन पटेल CG-12 BR 5119 ने माइनिंग सरदार चंद्रशेखर दास के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की। इस घटना की खबर फैलते ही माइनिंग सुपरवाइजरों और स्टाफ में आक्रोश व्याप्त हो गया। सभी लोग काम बंद कर सतर्कता चौक पर एकत्र हो गए और प्रबंधन के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया।
👉🏻प्रबंधन का लिखित आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसईसीएल प्रबंधन और नीलकंठ कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा माफीनामा सौंपने और दोषी ड्राइवर के खिलाफ सख्त लिखित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही स्टाफ शांत हुआ और काम पर वापस लौटा।
👉🏻 त्वरित कदम उठाए गए:
- दोषी ड्राइवर राजन पटेल को तत्काल प्रभाव से डिसमिस और ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
- नीलकंठ कंपनी के मैनेजर विनोद चौधरी से सामूहिक रूप से माफीनामा मांगा गया है।
- इस लिखित कार्यालयीन आदेश की प्रति वरिष्ठ ओवरमैन मैन अशोक साहू को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु सौंपी गई है।






