0 दीपका में पुलिस सुरक्षा के साए में सुचारू मतदान जारी
कोरबा-दीपका। नगर पालिका दीपका के वार्ड 15 में पार्षद के रिक्त पद की पूर्ति करने उपचुनाव के लिए जारी मतदान के दौरान आज उस समय अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई जब मतदान केंद्र पर अपुष्ट तौर पर फर्जी वोटिंग की बात को लेकर पक्ष-विपक्ष और प्रत्याशियों के समर्थक आपस में उलझ गए। दोपहर लगभग 3:25 बजे हुए इस कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित रही। बताया गया कि दोपहर बाद जब मतदान अपनी पूरी गति पर था तभी कुछ मतदाताओं की पहचान को लेकर बूथ लेबल एजेंटों को संदेह उत्पन्न हुआ। उपस्थित बूथ लेबल एजेंटों ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी और अपात्र लोग फर्जी मतदाता बनकर वोट डालने की कोशिश कर रहे हैं। देखते ही देखते यह मामला उग्र हो गया और मतदान केंद्र के बाहर जमकर नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया ।
0 प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
मौके पर मौजूद विभिन्न पक्षों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए मांग की कि:-
1. फर्जी तरीके से मतदान करने पहुंचे लोगों को तत्काल चिन्हित कर उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए ।
2. ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों को मतदान केंद्र के परिसर से तुरंत बेदखल किया जाए ।
3. मतदान की शुचिता बनाए रखने के लिए पहचान पत्रों की कड़ाई से जांच हो ।
0 पुलिस की सूझबूझ से थमा विवाद
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि पुलिस के आला अधिकारियों ने भीड़ को शांत कराया और निष्पक्ष चुनाव का आश्वासन दिया। कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद मामले को शांत कराया गया। स्थिति नियंत्रण में है और निर्बाध मतदान जारी है। वर्तमान में मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त बल तैनात है ।






