👉🏻निगम के वार्ड 6 में एक साल बाद भी नहीं हुआ स्थायी समाधान
कोरबा। शहर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित ब्राह्मण पारा, मस्जिद के पीछे पुरानी बस्ती क्षेत्र में झूलते और बार-बार टूटकर गिरने वाले बिजली तारों ने स्थानीय रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है। मामले को लेकर क्षेत्र निवासी मिर्जा आसिफ बेग ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि मोहल्ले के सामने से गुजरने वाली एल.टी. बिजली लाइन अत्यधिक झूल चुकी है। एक पोल से दूसरे पोल के बीच लगभग 75 से 80 मीटर की दूरी होने के कारण तार आपस में टकराते रहते हैं। तेज हवा, आंधी या तूफान के दौरान कई बार तार टूटकर अथवा लटककर नीचे गिर जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
👉🏻राहगीरों, बच्चों और महिलाओं पर मंडरा रहा खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार झूलते तारों के कारण मोहल्ले में आवागमन प्रभावित होता है। सबसे अधिक खतरा बच्चों, महिलाओं और राहगीरों को बना रहता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी दिन जनहानि जैसी गंभीर घटना हो सकती है।
👉🏻एक साल पहले भी हुई थी शिकायत
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि इस समस्या को लेकर 7 मई 2025 को भी छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के नगर संभाग, तुलसी नगर जोन के सहायक अभियंता को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बाद विभाग द्वारा केवल अस्थायी रूप से तार जोड़कर काम चला दिया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। परिणामस्वरूप समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
👉🏻नया पोल लगाने या लाइन व्यवस्थित करने की मांग
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित विद्युत अधिकारियों को निर्देशित कर झूलते और टूटते बिजली तारों की समस्या का स्थायी निराकरण कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर नया पोल लगाया जाए अथवा लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
👉🏻जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि संभावित दुर्घटना से पहले ही इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि समय रहते खतरे को समाप्त किया जाए।





