👉🏻मनमानी और भुगतान में देरी के खिलाफ प्रदर्शन
👉🏻छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ के बैनर तले प्रदेशभर के ठेकेदार जुटेंगे,
👉🏻विभाग पर समझौते से बाहर शर्तें थोपने का आरोप
रायपुर/कोरबा। जल जीवन मिशन के तहत कार्य कर रहे ठेकेदारों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ ने प्रदेशभर के सभी जल जीवन मिशन के ठेकेदारों से 6 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित नीर भवन के सामने आयोजित विशाल धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है।
संघ द्वारा जारी अपील में आरोप लगाया गया है कि विभाग द्वारा समझौतों से बाहर मनमानी शर्तें लागू की जा रही हैं, जिससे ठेकेदारों को आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा लंबे समय से भुगतान में लगातार देरी होने के कारण कई ठेकेदार गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं।
संघ का कहना है कि भुगतान में अनावश्यक विलंब और विभागीय प्रताड़ना के चलते कई साथी ठेकेदार मानसिक तनाव का शिकार हुए हैं तथा आत्महत्या जैसी घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे हालात में अब अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाना जरूरी हो गया है।
छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ ने सभी ठेकेदारों से 6 जुलाई को सुबह 11 बजे नीर भवन, रायपुर पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है। संघ का कहना है कि यह आंदोलन ठेकेदारों के अधिकारों की रक्षा, समय पर भुगतान और विभागीय मनमानी पर रोक लगाने की मांग को लेकर किया जा रहा है।







