कोरबा। श्री अग्रसेन पब्लिक स्कूल में सोमवार को विद्यालय का 36वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर प्रसाद उपाध्याय एवं विशिष्ट अतिथियों डॉ. आशीष अग्रवाल तथा अग्रवाल सभा अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने माता सरस्वती एवं महाराज अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
समारोह के दौरान विद्यालय में हाल ही में संपन्न हुए छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचित 16 पदाधिकारियों को बैज एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। छात्रसंघ में वैभव भट्ट हेड बॉय तथा रूपाली पटेल हेड गर्ल निर्वाचित हुए।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने राजस्थानी, गुजराती एवं दक्षिण भारतीय लोकनृत्यों सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि 35 वर्ष पूर्व लगाया गया शिक्षा का पौधा आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। विद्यालय निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. आशीष अग्रवाल ने कहा कि जीवन में सफलता केवल बुद्धिमत्ता से नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भावना से मिलती है। इन मूल्यों की पहली शिक्षा विद्यालय से ही प्राप्त होती है।
अग्रवाल सभा अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान करते हुए शिक्षकों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में निरंतर योगदान देने की बात कही।
मुख्य अतिथि तामेश्वर प्रसाद उपाध्याय ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराज अग्रसेन का जीवन समाज सेवा, समानता और कर्मयोग का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाकर लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया।

समारोह में रामसिंह अग्रवाल, महावीर प्रसाद अग्रवाल एवं राजकुमार अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही रामसिंह अग्रवाल एवं गोपाल प्रसाद केडिया की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा श्रेष्ठ परिणाम देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने की घोषणा की गई। कार्यक्रम के दौरान कक्षाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अग्रवाल सभा एवं श्री अग्रसेन शिक्षण समिति के पदाधिकारी, जिनमें गोपाल अग्रवाल, शरद अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, सीए अभिषेक अग्रवाल, गोपाल प्रसाद केडिया, मुकेश गोयल, भगवती मोदी, मनोज अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल, संजय अग्रवाल, इंदु अग्रवाल, भूमिका अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, दिव्यानंद अग्रवाल, प्रियम अग्रवाल, जयंत अग्रवाल, निकेश अग्रवाल, शशि अग्रवाल, पिंकी सिंघल, मनीषा अग्रवाल, दयाशंकर पालीवाल, प्रतीक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अग्रजन, विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।








