👉🏻 कोरबा सहित जांजगीर जिला के कई आर्थिक आपराध व न्यायालयीन प्रकरणों में है मोस्ट वाण्टेड
👉🏻शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी कर फरार है आरोपी पीयूष जायसवाल
जांजगीर-चाम्पा। शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हुए आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs), नई दिल्ली के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है।
आरोपी पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोड़ीशंकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर बड़ी मात्रा में धनराशि एकत्रित की और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गया।

आरोपी के विरुद्ध थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत धारा 420, 406, 34 भारतीय दंड संहिता (IPC) तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत धारा 318(4), 316(2), 111(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किए गए थे। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, किंतु अभियोग पत्र प्रस्तुत होने के बाद से आरोपी न्यायालय में लगातार अनुपस्थित है।
आरोपी के विरुद्ध थाना चांपा प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर स्थित न्यायालय से परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के प्रकरण में तथा कोरबा स्थित न्यायालय से प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 एवं 5342 में भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।
आरोपी के लगातार फरार रहने एवं न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय, भारत सरकार के माध्यम से उसके विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है, ताकि देश के किसी भी एयरपोर्ट, बंदरगाह अथवा अंतरराष्ट्रीय सीमा से उसके आवागमन पर निगरानी रखी जा सके।
🙏🏻अपील🙏🏻
जांजगीर चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर के मोबाइल नंबर 94791-93199 या थाना चांपा प्रभारी 79874- 60292 को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।








