👉🏻 आऊटर इलाके में पड़ोसी राज्य की खप रही शराब
कोरबा। जिले के आऊटर क्षेत्र की पुलिस उस वक्त भौंचक रह गई जब पड़ोसी राज्य की शराब बड़े पैमाने पर खेत से बरामद की गई। पुलिस ने कार्रवाई कर जप्ती किया है। दूसरी तरफ अवैध शराब की आवक और अवैध बिक्री के मामलों में आबकारी विभाग की कार्रवाई सम्बन्धी भूमिका इस बार भी सवालों के घेरे में है। आबकारी विभाग के मैदानी अमले को इसकी जानकारी न हो,ऐसा असम्भव है क्योंकि सीमांत का यह इलाका वर्षो से एमपी की शराब खपाने का जरिया रहा है। आबकारी अमले की सुस्ती के कारण अवैध नशा पर प्रभावी कार्रवाई नगण्य है वहीं पुलिस विभाग मुस्तैदी से अवैध नशा के मामलों की धरपकड़ में लगी है।
कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर धनसाय उर्फ धन्नू बिंझवार पिता धुरसाय बिंझवार 45 साल, निवासी ग्राम अलगीडांड घोसरा के खेत में दबिश दी गई। सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी धनसाय के द्वारा अपने घर के पास स्थित धान के खेत में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मध्य प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब गोवा व्हिस्की को बिक्री के लिए रखा गया है। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले,नीतीश सिंह को अवगत करा एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में खेत की तलाशी लेने पर खेत से 389 नाग अंग्रेजी शराब, गोवा व्हिस्की70.02 लीटर बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। उक्त कार्यवाही में प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, आरक्षक संजय साहू, परमानंद दिवाकर, टंकेश्वर पटेल, रोशन पांडेय का सहयोग रहा।






