👉🏻 फिर मददगार हुआ बाघा,संकेत दिया और मामला सुलझा
👉🏻 घटना ने लोगों को झकझोरा,आक्रोश मिश्रित शोक व्याप्त
कोरबा। 3 दिन से लापता मासूम भव्या जोशी की चौथे दिन अर्धनग्न लाश मिलने के मामले ने यह खबर सुनने वाले हर शख्स को झकझोर कर रख दिया। चुनौतियों के बीच पुलिस मासूम को जिंदा तो न तलाश सकी, लेकिन जब मृत हालत में मिली तो उसके गुनाहगार को पकड़ने पूरा जोर लगा दिया। इस घटना ने पुलिस की भी आंखें छलका दी कि कोई इतना बेरहम कैसे हो सकता है! आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले का खुलासा आज पुलिस द्वारा किया जाएगा।
जिले के रजगामार इलाके से 19 अक्टूबर को रहस्यमय तरीके से लापता हुई 7 वर्षीय बच्ची भव्या जोशी अपने पिता प्रकाश जोशी को बताकर कुछ लेने पास के किराना दुकान गई थी,फिर वापस नहीं लौटी। मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम फगुरम का निवासी प्रकाश करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ रजगामार आया। यहां करीम पोल्ट्री फार्म में काम करते हुए परिवार का पालन-पोषण करने लगा। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बेटी जब घर से निकली तो पिता नींद में था। जब उसकी नींद खुली तो बेटी को घर में न पाकर तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस अधिकारियों के द्वारा कैम्प लगाकर मासूम की तलाश शुरू की गई। पुलिस डॉग बाघा ने मासूम के जाने का रास्ता बताया लेकिन नदी के पास जाकर ठहर गया। पुलिस ने इस संकेत के आधार पर मासूम की तलाश शुरू की लेकिन नतीजा शून्य रहा। नदी के आसपास के इलाके, जंगल- झाड़ी सबको पुलिस से छान मारा किंतु मासूम का कुछ पता नहीं चला। इस बीच गुरुवार को सुबह तलाश के वक्त पुलिस को मरघट की झाड़ियों में मासूम की लाश मिलने की सूचना मिली। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तत्काल घटनास्थल रजगामार पहुंचे। एएसपी लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी, रजगामार पुलिस चौकी प्रभारी विनोद सिंह मातहतों के साथ मौके पर डटे। फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ-साथ पुलिस डॉग बाघा को भी तलब किया गया। सारी कड़ियां को पिरोते हुए मौके से मिले तथ्यों को जोड़कर पड़ताल शुरू की गई और यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि मासूम के साथ यह दरिंदगी किसने की? मासूम के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
👉🏻 बाघा बना मददगार
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने एक पर संदेह रखा था जिसके बारे में सबसे अहम सुराग पुलिस डॉग बाघा के द्वारा दिया गया। बच्ची का शव मिलने वाले स्थान से आरोपी का सुराग तलाशते हुए बाघा सीधे रावणभाठा रजगामार स्थित संदेही के मकान तक जा पहुंचा। यहां इस वक्त घर पर एक महिला मौजूद थी। पुलिस ने बाघा के संकेत के आधार पर इस घर से गायब मिले शख्स की तलाश शुरू की और अंतत: उसे दबोच लिया। मनोवैज्ञानिक तरीके से कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया
👉🏻 नराधम ने की है दो शादी, एक बालको दूसरी को रजगामार में रखा
सूत्र द्वारा बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ अमित चौहान पिता बाबूलाल 42 वर्ष ने दो शादियां की है। वह सेक्टर-5 बालको नगर का निवासी है जहां उसकी पहली पत्नी रहती है। उसने रजगामार चौकी क्षेत्र के रावणभाठा मोहल्ले में एक दूसरी पत्नी को भी रखा है। वह दूसरी पत्नी से मिलने अक्सर आया करता था। घटना दिनांक को भी वह अपनी दूसरी पत्नी के पास आया हुआ था। रास्ते में मासूम को देख उसकी नीयत बिगड़ी और उसने नीचता को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। टीम की अथक मेहनत से सुलझे इस पूरे घटनाक्रम का और खुलासा होना शेष है जो पुलिस अधिकारी द्वारा किया जाएगा।







