कोरबा। शासकीय सेवक होने के बावजूद राजनीतिक कार्यों में संलिप्तता शिक्षक को महंगी पड़ ही गई। कार्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग, बिलासपुर छत्तीसगढ़ के द्वारा प्रवीण कुमार डहरिया शिक्षक एल.बी. शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कथरीमाल, विखं करतला, जिला कोरबा को निलंबित कर दिया गया है।
उनके विरूद्ध नगर पंचायत बलौदा जिला जांजगीर-चाम्पा के प्रशासकीय एवं शासकीय कार्यों में अनाधिकृत रूप से हस्तक्षेप करने, राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्तता की शिकायत की जांच करायी गई। प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन दिनांक 16.09.2026 के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा संलग्न किए गए फोटोग्राफ्स के परीक्षण से श्री प्रवीण कुमार डहरिया की राजनीतिक दल के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में सक्रिय संलिप्तता स्पष्ट रूप से प्रमाणित होना पाया गया है।
प्रवीण कुमार डहरिया का उक्त कृत्य छ.ग. सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 नियम 3 एवं 5 के विपरीत होने कारण एवं जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा के प्रस्ताव के आधार पर छ.ग. सिविल सेवा नियम (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1966 के नियम 9 के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय करतला नियत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। उक्त आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
👉🏻 नगर पंचायत अध्यक्ष के पति हैं,हुई थी शिकायत
बता दें कि जांजगीर-चाम्पा जिले के बलौदा नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती कविता डहरिया के शिक्षक पति प्रवीण प्रताप डहरिया के खिलाफ नगर पंचायत के कार्यों में कथित अनाधिकृत हस्तक्षेप और राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने को लेकर जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे से शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ताओं ने इसके समर्थन में फोटो भी संलग्न किए।
शिकायत के अनुसार, प्रवीण डहरिया कोरबा जिले के करतला विकासखंड स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कथरीमाल में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। इसके बावजूद वे बलौदा नगर पंचायत की गतिविधियों में हस्तक्षेप करते हैं। शिकायतकर्ताओं ने जनसमस्या निवारण शिविर की एक तस्वीर का भी उल्लेख किया, जिसमें उनके मंच पर बैठे होने की जानकारी दी गई थी।




