मामला उधार की रकम पर अधिक ब्याज वसूलने का
कोरबा। सिविल लाइन थाना रामपुर में गजानंद राठौर ने इरफान कुरैशी उर्फ मोनू कुरैशी और उसके भांजे मो. सलमान खान के खिलाफ धमकी देने और भयभीत कर न्यायालय में बयान बदलवाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है।
शिकायत के अनुसार, मार्च 2026 में इरफान कुरैशी ने जरूरी काम का हवाला देकर प्रार्थी गजानंद राठौर (cseb के मड़वा प्रोजेक्ट चाम्पा में कार्यरत) को सिविल कोर्ट कोरबा बुलाया। कोर्ट परिसर के बाहर फोटोकॉपी दुकान के पास अनुराधा निषाद और अमित मलिक की मौजूदगी में रकम के लेन-देन से संबंधित एक टाइप्ड इकरारनामा पर हस्ताक्षर करने को कहा गया। राठौर के इनकार करने पर आरोप है कि इरफान ने धमकी दी कि बात नहीं मानने पर कोरबा से मड़वा प्लांट जाते वक्त रास्ते में अज्ञात ट्रक से उसे कुचलवा देगा और घटना को सड़क दुर्घटना बता दिया जाएगा। भय के कारण राठौर ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर दिए।
राठौर का आरोप है कि वर्ष 2024 में भी उसने इरफान के खिलाफ उधार की रकम पर अधिक ब्याज वसूलने, जान से मारने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी संबंधी शिकायत की थी। उसके आवेदन पर चौकी मानिकपुर में अपराध क्रमांक 304/2024 के तहत धारा 384, 386 और 388 भादवि में अपराध दर्ज होने का उल्लेख शिकायत में किया गया है। अन्य शिकायतों पर भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज होने की बात कही गई है।
शिकायत के मुताबिक, न्यायालयीन दाण्डिक प्रकरण क्रमांक 2792/2024 में 25 मई 2026 को राठौर को साक्ष्य के लिए समंस मिला था। न्यायालय पहुंचने पर इरफान ने कथित तौर पर अपने पक्ष में गवाही देने का दबाव बनाया। राठौर के अनुसार, इकरारनामा और कथित ब्लैंक चेक का हवाला देकर उसे कई मामलों में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे भयभीत होकर उसने न्यायालय में अपना बयान बदल दिया और उसकी तबीयत भी बिगड़ गई।
इसके अलावा सितंबर 2026 में स्टेट बैंक मुख्य शाखा टीपी नगर के पास और 29 अक्टूबर को चिमनीभट्ठा मोहल्ले में इरफान के भांजे मो. सलमान द्वारा रास्ता रोककर धमकी देने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। राठौर ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में धारा 126(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई का उल्लेख है।
पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।






