कोरबा। 27.90 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी रहे दीपक टंडन उर्फ अम्बेडकर के खिलाफ अब धमकी और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया गया है। दीपका थाना पुलिस ने अंकित सिंह की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध धारा 296 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
पुलिस को दिए आवेदन में वार्ड नंबर 09 दीपका निवासी अंकित सिंह ने बताया कि उसके पिता महेन्द्र सिंह के साथ दीपक टंडन द्वारा पूर्व में 27.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने के संबंध में थाना दीपका में अपराध क्रमांक 160/2020 दर्ज कराया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में दीपक टंडन ने रकम लौटाने का भरोसा दिलाते हुए शपथ पत्र के माध्यम से समझौता करने की बात कही थी।
आवेदन के मुताबिक, आरोपी ने पहले पांच लाख रुपये कुछ दिन बाद देने और शेष रकम धीरे-धीरे लौटाने की बात कही थी। इसके बाद 20 मई 2023 को पांच लाख रुपये का यस बैंक का चेक दिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 10-12 दिन बाद बैंक में पता करने पर चेक पहले से ही होल्ड कराया जाना सामने आया।
अंकित के अनुसार, रकम मांगने पर दीपक टंडन ने उसे 10 जुलाई 2024 को कटघोरा न्यायालय में पेशी के दौरान पैसे देने की बात कही थी। आरोप है कि उसी दिन शाम करीब 4 बजे दीपक टंडन ने अपने किसी व्यक्ति के माध्यम से उसे बुधवारी चौक दीपका बुलाया। वहां कथित रूप से रकम मांगने की बात को लेकर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दीपक टंडन ने दोबारा पैसे मांगने पर एसटी/एससी एक्ट में फंसाने तथा जान से मरवा देने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के बाद उसने अपने पिता महेन्द्र सिंह और साथी गौतम पोर्ते को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन भय के कारण तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की।
अंकित ने पुलिस को बताया कि हाल में बिलासपुर पुलिस द्वारा दीपक टंडन को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिलने के बाद उसे हिम्मत हुई और उसने 13 नवंबर 2026 को दीपका थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
दीपका थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक टंडन उर्फ अम्बेडकर के विरुद्ध धारा 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
KORBA में अम्बेडकर टंडन पर एक और FIR दर्ज, 27.90 लाख की धोखाधड़ी के आरोप के बाद धमकी




