👉🏻सफाई कर्मियों से कहा- बिना रूकावट के करें सफाई का कार्य, वेतन भुगतान में नहीं होगा व्यवधान,आयुक्त ने सफाई ठेकेदारों की शंकाओं का भी समाधान किया
कोरबा। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने मोटर सायकल पर सवार होकर कोरबा शहर के विभिन्न जोन कोरबा जोन, रविशंकर नगर जोन व कोसाबाड़ी तथा टीपीनगर जोन का सघन दौरा कर साफ-सफाई कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होने स्थल पर कार्य कर रहे सफाई कामगारों से चर्चा की तथा उनसे बिना किसी रूकावट के नियमित रूप से सफाई कार्य जारी रखने को कहा। उन्होने कामगारों से कहा कि वे अपना कार्य नियमित रूप से जारी रखें, उनके वेतन के भुगतान में कोई अवरोध नही आयेगा।

रविशंकर नगर जोन में स्थल पर सफाई का कार्य कर रहे सफाई कामगारों से मुलाकात की, उनके कार्यो के संबंध में चर्चा की तथा उन्हें आश्वस्त करते हुये कहा कि निगम द्वारा ठेकेदार कोरबा ग्रीन नर्सरी का सफाई ठेका निरस्त किया गया है, इससे सफाई कार्य में संलग्न कामगारों के कार्य व उनके वेतन भुगतान में किसी प्रकार की समस्या नहीं है, अतः वे नियमित रूप से पूर्व की भांति सफाई का कार्य करते रहे, उनके वेतन राशि का भुगतान निगम द्वारा किया जायेगा। आयुक्त श्री पाण्डेय ने नवनियुक्त एजेंसी सुशील कुमार शुक्ला को सफाई कर्मियों को सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ उन्हें पारदर्शी वेतन भुगतान के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस अवसर पर वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान के साथ ही निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
👉🏻सफाई के साथ कचरे का तत्काल उठाव भी करें
आयुक्त श्री पाण्डेय ने भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के सफाई कार्यो का निरीक्षण करते हुये स्वच्छता निरीक्षकों व अधिकारियों को कडे़ निर्देश दिये कि सफाई कार्य के दौरान उत्सर्जित कचरे का स्थल से तुरंत उठाव परिवहन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कार्य के दौरान उत्सर्जित कचरा स्थल पर ज्यादा समय तक डम्प न रहे, उसे वहॉं से तत्काल उठा लिया जाए। उन्होने कहा कि कचरा परिवहन के दौरान वाहन की ट्राली को अनिवार्य रूप से ठके तथा खुले रूप से कचरा परिवहन न करें।
👉🏻सड़क, नाली में न डालें कचरा
भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने समस्त आमजनों से अपील करते हुये कहा कि वे शहर की स्वच्छता में सहयोग दें तथा सड़क, नाली व सार्वजनिक स्थान पर कचरा न डालें, गीले व सूखे कचरे को पृथक-पृथक डस्टबिन में संग्रहित करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री, कैरीबैग, डिस्पोजल का उपयोग न करें। आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम क्षेत्र के नागरिकों का आव्हान करते हुये कहा कि हम सब संकल्प लें कि हम न तो गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे, कोरबा शहर को सुंदर शहर बनाने, इसे साफ-सुथरा रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
👉🏻शंकाओं का किया गया समाधान
नगर पालिक निगम कोरबा में कार्यरत सफाई कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधि सफाई ठेकेदारों ने आयुक्त आशुतोष पाण्डेय से उनके कक्ष में भेंट की, निगम की सफाई व्यवस्था व साफ-सफाई कार्यो पर विस्तृत चर्चा हुई। आयुक्त ने सफाई ठेकेदारों की शंकाओं का समाधान किया, ठेकेदारों ने सफ ाई व्यवस्था में सहयोग का आश्वासन दिया। निगम के सफाई ठेकेदार रामू पाण्डेय, राजू जायसवाल, वरूण गोस्वामी, विजय यादव ने आयुक्त से अपनी समस्याएं रखने के साथ ही निगम की सफाई व्यवस्था व साफ-सफाई कार्यो पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने ठेकेदारों से कहा कि जहॉं तक कोरबा में एकीकृत सफाई व्यवस्था का प्रश्न है तो यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, शासन से अनुमति मिलने के पश्चात ही उस पर क्रियान्वयन होगा। उन्होने कहा कि सफाई ठेकेदारों की समस्याओं के प्रति निगम सदैव गंभीर है तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निदान किया जायेगा। आयुक्त श्री पाण्डेय ने बताया कि बालको जोन को छोड़कर लगभग सभी जोन के सफाई कार्यो के बिल का भुगतान हेा चुका है, उन्होेने बालको जोन के सफाई कार्य का बिल भुगतान हेतु तत्काल संबंधित जोन कमिश्नर को निर्देशित किया कि वह इस पर त्वरित आवश्यक कार्यवाही करें तथा बिल प्रस्तुत कराएं ताकि इसका भुगतान त्वरित रूप से किया जा सके। उन्होने ठेकेदारों को बताया कि निगम की नई व्यवस्था के अंतर्गत जोन कमिश्नर के सत्यापन के पश्चात ही सफाई कार्यो के बिलों का भुगतान किया जायेगा।






