👉🏻रेल परियोजना, सृष्टि मेडिकल और कुसमुंडा खदान के अंदर से चोरी; एक मामला सुलझता है, दूसरा सामने आ जाता है
कोरबा। जिले में अवैध कबाड़,अवैध कबाड़ियों और चोरी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक की सख्ती तथा बड़े कबाड़ियों पर कार्रवाई के बावजूद चोरी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। खास बात यह है कि अब चोरों की नजर सिर्फ लोहे पर नहीं, बल्कि एल्युमिनियम के फ्रेम, सेपरेटिंग वॉल और कॉपर वायर जैसे कीमती धातु के सामान पर भी है। पिछले दिनों रेल परियोजना से कॉपर वायर, सृष्टि मेडिकल कॉलेज से एल्युमिनियम निर्मित सामान और कुसमुंडा खदान के अंदर से बड़ी संख्या में एल्युमिनियम फ्रेम सहित अन्य सामग्री चोरी होने के मामले सामने आए हैं।
सवाल यह है कि चोरी का माल आखिर जा कहां रहा है और इसे खरीदने वाला कौन है? पुलिस की कार्रवाई में एक मामले में आरोपी जेल पहुंचता है, तो इसी बीच दूसरे स्थान से चोरी की नई घटना सामने आ जाती है। ऐसे में चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खपाने वाले नेटवर्क तक पहुंचना भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। अपुष्ट चर्चा तो यह भी है कि जिले से बाहर भेजा गया कबाड़ी बीच-बीच में यहां आकर अपनी खास सक्रियता दिखा जाता है। उसका खास सहयोगी बड़े पैमाने पर चोरियों को अंजाम दिलवा कर पुलिस की नाक में दम किए हुए हैं। इनके शहर व शहर के बाहर के नामचीन और उजागर ठिकानों पर पुलिस के मुखबिरों की नजर नहीं पड़ना, साइबर की नजर से ओझल रहना कई सवालों को जन्म देता है कि आखिर कप्तान के निर्देश की नाफरमानी कौन-कौन कर रहा है? यह अलग बात है कि जब कप्तान सख्त होते हैं तो कुछ कार्रवाई बड़े पैमाने पर कर दी जाती है, इसके बाद फिर वही अवैध कबाड़ियों, कबाड़ चोरों का राम राज्य शुरू हो जाता है। सूत्रों की मानें तो पुराने बड़े कबाड़ी अपने-अपने इलाके में दूसरों को आगे करके काफी सक्रिय भूमिका में हैं। इनमें कोरबा के अलावा कुसमुंडा, कटघोरा, छुरी, दीपका, पाली और शहर से लगे ग्रामीण इलाके के नामचीन कबाड़ी शामिल हैं।
👉🏻रेल परियोजना से 250 मीटर कॉपर वायर पार
बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में रेलवे की सुरकछार-सेंदुरगढ़ रेल परियोजना में कॉपर वायर चोरी का मामला सामने आया है। आरएस इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर दीपांकर की रिपोर्ट के अनुसार, 2 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे घुड़देवा से पूरेना के आसपास KM 6-7 के बीच रेलवे OHE कैटेनरी कॉपर वायर के करीब 250 मीटर हिस्से को अज्ञात चोर काटकर ले गए। चोरी गए वायर की कीमत करीब 1.90 लाख रुपये बताई गई है। कंपनी ने शिकायत में बताया कि इस तरह की चोरी से रेलवे के विद्युत ढांचे की सुरक्षा और चल रहे कार्य प्रभावित हो सकते हैं। बांकीमोंगरा पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
👉🏻सृष्टि मेडिकल कॉलेज में दिनदहाड़े एल्युमिनियम पर हाथ साफ
दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सृष्टि मेडिकल कॉलेज का है। यहां 19 नवंबर को दोपहर करीब 1:45 बजे एक युवक के अस्पताल परिसर में घुसकर सिल्वर/एल्युमिनियम से बने खिड़की-दरवाजों के चौखट तोड़कर चोरी करने का मामला सामने आया। व्यवस्थापक सुनील दास की रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल में काम करने वाली महिला ने अंदर किसी व्यक्ति के घुसे होने और कांच टूटने की आवाज आने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने एक व्यक्ति को खिड़की-दरवाजे के चौखट निकालकर ले जाते हुए देखा। उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। पकड़े गए युवक की पहचान गज्जू साण्डे, निवासी खरमोरा अटल आवास के रूप में बताई गई है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 305(a) और 331(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।
👉🏻कुसमुंडा खदान में छह दिन में चार चोरी की घटनाएं
तीसरा मामला एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना के एनके-1 साइडिंग स्थित कोल सैंपल प्रिपरेशन और रेफरी रूम का है। वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह की रिपोर्ट के अनुसार, 7 से 13 नवंबर के बीच चोरी और तोड़फोड़ की चार घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट के मुताबिक अलग-अलग घटनाओं में 6 एल्युमिनियम सेपरेटिंग वॉल और करीब 19 खिड़कियों के एल्युमिनियम फ्रेम चोरी किए गए। इसके अलावा विद्युत तार, विद्युत बोर्ड, फावड़े, लोहे का कोल क्वार्टरिंग डिवाइडर, धातु की ट्रे, कुर्सियां, सीलिंग फैन, वॉल फैन, लाइट, धातु की अलमारी, रैक, कूलर और सीसीटीवी कैमरे तक चोरी होने की जानकारी दी गई है।
कुसमुंडा पुलिस ने अखिलेश प्रताप सिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(e) और 331(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।






