कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवासविहीन एवं पात्र हितग्राहियों को मुड़ापार स्थित आवासीय परिसर में मकान उपलब्ध कराए गए थे। इनमें कुछ हितग्राहियों को शासन की सब्सिडी के तहत लगभग ₹75 हजार, जबकि अधिकांश हितग्राहियों को लगभग ₹3.25 लाख की राशि पर मकान आवंटित किए गए। इन मकानों की शासकीय लीज अवधि 30 वर्ष निर्धारित है, लेकिन वर्तमान में कॉलोनी की स्थिति देखकर रहवासियों ने निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई ब्लॉकों के मकानों में समय से पहले ही छत एवं दीवारों में सीपेज, प्लास्टर उखड़ना, दीवारों में दरारें तथा जर्जरता जैसी समस्याएं सामने आने लगी हैं। कुछ स्थानों पर स्थिति इतनी खराब बताई जा रही है कि दीवार में साधारण कील ठोकने पर भी प्लास्टर एवं सतह उखड़ जाती है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

बरसात के मौसम में सीपेज की समस्या और भी गंभीर हो गई है। रहवासियों के अनुसार, कई घरों की दीवारों में नमी के कारण विद्युत करंट प्रवाहित होने जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छोटे बच्चों एवं परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
इसके अलावा, कई मकानों के शौचालय एवं बाथरूम का गंदा पानी अन्य मकानों की दीवारों में रिसने के साथ-साथ आम रास्तों पर भी बह रहा है। इससे कॉलोनी में दुर्गंध फैल रही है और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गंदगी के कारण रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है।
रहवासियों का यह भी कहना है कि कॉलोनी के कई मकान मालिक अपने आवास किराये पर देकर अन्य स्थानों पर रहने लगे हैं। ऐसे में इन समस्याओं का सबसे अधिक सामना वे परिवार कर रहे हैं जो स्वयं अपने आवंटित मकानों में निवास कर रहे हैं। किरायेदार अस्थायी रूप से रहने के कारण इन समस्याओं के समाधान के लिए आगे नहीं आते, जबकि बाहर रह रहे मकान मालिक भी इस ओर विशेष ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी भय व्याप्त है कि यदि निर्माण गुणवत्ता में सुधार एवं आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में किसी प्राकृतिक आपदा या लगातार हो रहे क्षरण के कारण कोई मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर सकता है, जिससे जन-धन की हानि होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
रहवासियों ने नगर पालिक निगम कोरबा एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि कॉलोनी के सभी मकानों की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण गुणवत्ता की निष्पक्ष समीक्षा की जाए तथा सीपेज, विद्युत सुरक्षा, जल निकासी और अन्य मूलभूत समस्याओं का शीघ्र स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले आवश्यक कार्रवाई की जा सके।






