👉🏻 कागज में हस्ताक्षर करने ग्रामीण पर लगातार बनाता रहा दबाव
कोरबा। थाना पसान क्षेत्र के ग्राम तुलबुल के निवासी दम्पत्ति पर पूर्व जनपद सदस्य ने दबंगई दिखाते हुए जान से मारने व घर को जला देने की धमकी दिया है।
पीड़िता ने अपने पति आशाराम के साथ पसान थाना जा कर रिपोर्ट लिखाया है कि घटना दिनांक 30/07/2026 को वह पति के साथ घर पर थी। उसी समय गांव का रहने वाला कुंवर सिंह उनके घर आया और पति आशाराम चौधरी से एक कागज में दस्तखत करने के लिए बोला। पति ने कागज में दस्तखत करने से इंकार किया तो कुंवर सिंह गाली गलौच करने लगा और बोला- मैं जनपद सदस्य हूं, दस्तखत करो नहीं तो ठीक नहीं होगा। इतना कह कर पीड़िता के पति को अपने साथ लेकर चला गया। पीड़िता अपने पति को वापस लाने के लिए गई तो पति और कुंवर सिंह शाम करीब 4 बजे मुकेश के दुकान के पास बैठे मिले। पीड़िता अपने पति का हाथ पकड़कर अपने घर ला रही थी,तब कुंवर सिंह, क्यों अपने पति को ले जा रही है कहकर गाली देने लगा। कागज में दस्तखत करना पड़ेगा, नहीं करोगे तो तुम लोगों के घर का जमीन का पट्टा भी मेरे नाम में है, घर को जलवा दूंगा कहते हुए तुम लोगों को जान से मरवा दूंगा कहकर धमकी दिया और पास में रखे ईंटा को उठाकर पीड़िता के सिर में मारने लगा। वह वहीं गिर पड़ी औऱ सिर से खून निकलने लगा। पति ने बीच बचाव कर आरोपी के चंगुल से पत्नी को बचाया। घटना के दौरान गांव के लोग भी उपस्थित थे।
पसान थाना में पीड़िता श्रीमती चन्दा बाई की रिपोर्ट पर कुंवर सिंह के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 351(3) BNS के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना की जा रही है।






