महासमुंद। पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र शास्त्री को गिरफ्तार किया है। उस पर रेप का आरोप है। पुलिस ने उन्हें रायपुर से अरेस्ट किया है। मामला बागबाहरा थाना क्षेत्र का है।
नरेंद्र शास्त्री प्रसिद्ध कथावाचक और ज्योतिषी है। उसे ‘चावल वाले बाबा’ या ‘चाय वाले बाबा’ के नाम से भी जाना जाता है। नरेंद्र लोगों के लाए गए चावल के दानों और एक लाल फूल को देखकर उनका भूत, भविष्य और वर्तमान बताने के लिए काफी लोकप्रिय है।
बता दें कि महिला को शरीर में दर्द की परेशानी थी, इस समस्या के इलाज के लिए वह बाबा के पास गई थी। इस दौरान उसने महिला से रेप किया था।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला ने बागबाहरा थाने में 6 मई को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी नरेंद्र शास्त्री के खिलाफ धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, एक ही महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म और महिला की कमजोर/असहाय स्थिति का फायदा उठाकर दुष्कर्म करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
9 मई बुधवार को मामले में कार्रवाई करते बागबाहरा थाना पुलिस ने नरेंद्र शास्त्री को रायपुर के सिलयारी से गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए बागबाहरा लेकर आई। मामले को लेकर पुलिस ने फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही जानकारी दी जाएगी।
भूत-भविष्य-वर्तमान बताने वाला बाबा रेप में गिरफ्तार





