कोरबा। कोरबा जिले के ग्राम उरगा निवासी एवं व्यवसायी रामावतार चन्द्रा-श्रीमती पुष्पा चन्द्रा (शिक्षिका- केन्द्रीय विद्यालय-4, गोपालपुर) की पुत्री जाह्नवी ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 11 साल की जाह्नवी चंद्रा ने अबेकस प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब हासिल किया है।
कक्षा छठवीं केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 की छात्रा जाह्नवी चंद्रा ने रायगढ़ जिले के अग्रोहा धाम में आयोजित स्टेट लेवल प्रतियोगिता में लिसनिंग प्रतियोगिता में चैंपियन और विजुअल प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप बनकर सबको चौंका दिया। खास बात ये है कि जाह्नवी ने मात्र 10 मिनट में 200 मैथ्स के सवाल हल कर अपनी तेज़ गणितीय क्षमता का परिचय दिया।

उनकी शिक्षिका चेतना साव के मुताबिक, अबेकस के जरिए बच्चों की सोचने, समझने और गणना करने की क्षमता तेजी से विकसित होती है, जिससे वे पढ़ाई में और भी बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
जान्हवी की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों, क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी है। जाह्नवी ने साबित किया है कि नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती है,इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।





