👉🏻 26 जुलाई को होटल के सामने प्रदर्शन की चेतावनी
👉🏻 अधिवक्ता संघ ने मुख्यमंत्री तक भेजी होटल की शिकायत
कोरबा-कटघोरा। न्यू बस स्टैंड कटघोरा मुख्य मार्ग के पास संचालित मुरली होटल को तत्काल बंद कराने की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ कटघोरा ने अध्यक्ष द्वारा एसडीएम (राजस्व) कटघोरा को ज्ञापन सौंपा गया है।
अधिवक्ता संघ के लेटर हेड में की गई शिकायत में होटल संचालन से मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने, सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ने तथा आसपास गंदगी फैलने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि न्यू बस स्टैंड कटघोरा मुख्य मार्ग पर संचालित मुरली होटल के सामने वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात प्रभावित होता है। पूर्व में भी इस मार्ग पर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और होटल संचालक द्वारा परिवहन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। होटल के सामने अनाधिकृत एवं अप्रशिक्षित एक ग्रामीण को सीटी पकड़ा कर खड़ा कर दिया गया है जिसे यातायात नियमों की कोई जानकारी नहीं है
होटल के सामने अव्यवस्थित तरीके से वाहनों के खड़े रहने से सड़क जाम की स्थिति निर्मित होती है। यह भी आरोप लगाया है कि होटल से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थ होटल के पीछे की नाली में डाले जा रहे हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
👉🏻कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता संघ करेगा प्रदर्शन
अधिवक्ता संघ ने एसडीएम से मांग की है कि आवेदन पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए न्यू बस स्टैंड स्थित मुरली होटल का संचालन तत्काल बंद कराया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी दिवस तक जनहित में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता संघ द्वारा उक्त संस्थान के सामने 26 जुलाई रविवार को प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक, नगर पालिका अध्यक्ष, थाना कटघोरा को भी प्रेषित की गई है। शिकायत के संबंध में मुरली होटल के संचालक से संपर्क के अभाव में उनका पक्ष नहीं रखा जा सका है। उनका पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।






