कोरबा। छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ कला एवं संगीत मर्मज्ञ थिरमन दास महंत के युवा पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश महंत के असामयिक निधन पर गुरुवार को उनके कोरबा स्थित निवास में आयोजित अंतिम नहावन, चंदनपान एवं चलावा चौका कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे सामाजिक, पारिवारिक और राजनीतिक जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पाली-तानाखार के पूर्व विधायक मोहित लाल केरकेट्टा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशीष सिंह ठाकुर (बिलासपुर), प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी, महका (खरसिया) के विद्वान महंत भरत दास, छत्तीसगढ़ कला विकास समिति, बोड़ला (कबीरधाम) के प्रदेश अध्यक्ष गुरु दास मानिकपुरी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन और पारिवारिक सदस्य उपस्थित रहे।

सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय ओमप्रकाश महंत के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए सद्गुरु कबीर साहेब से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य, साहस और संबल दें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके पश्चात श्री सद्गुरु कबीर आश्रम, गेवरा (कुसमुंडा) के विद्वान महंत वियोगी जी के सानिध्य में चौका आरती का आयोजन किया गया। कबीर साहेब के भक्तिमय भजनों के बीच धार्मिक विधि-विधान संपन्न हुए तथा महंत द्वारा चौका प्रसाद का वितरण किया गया।
अंत में आयोजित भंडारे में सभी आगंतुकों ने प्रसाद ग्रहण किया और दिवंगत ओमप्रकाश महंत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।





