0 खराब खड़ी से हादसे की बन रही थी सम्भावना, इमरजेंसी में एंबुलेंस तक नहीं मुड़ पाती थी
कोरबा। जिले के पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट के बगल में ही एक खराब वाहन कई दिनों से 24 घंटे खड़े रहने के कारण अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, परिजनों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय परेशान नागरिकों व अस्पताल की इस समस्या पर सत्यसंवाद ने समाचार प्रसारित कर पाली एसडीएम, एसडीओपी व निकाय अधिकारियों के संज्ञान में लाया। खबर प्रकाशन के बाद संज्ञान लेते हुए पुलिस व प्रशासन हरकत में आया और सीएचसी के आसपास सुचारू आवागमन के लिए व्यवस्था बनाने उक्त वाहन को तत्काल हटवाया गया। इससे अस्पताल प्रबंधन ने राहत महसूस की है।

बता दें कि लावारिस हालत में खड़ी गाड़ियों के कारण सबसे ज्यादा परेशानी इमरजेंसी केस में आती रही। अति गंभीर मरीज को लेकर पहुंची एंबुलेंस को भी गेट पर मोड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, जिससे कीमती समय बर्बाद होता है। भीड़ के समय दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती थी, जो मरीजों और परिजनों के लिए घातक सिद्ध हो सकती थी। पूर्व में स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत पाली द्वारा संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस भी दिया गया था, जिसके बाद कुछ दिनों के लिए वाहन हटा लिए गए थे। लेकिन पिछले लगभग 20 दिनों से पुनः उसी जगह पर वाहन खड़े कर दिए गए। हालांकि, कुछ तो ऐसे भी है जो अस्पताल परिसर को अपना परमानेंट पार्किंग स्थल बना चुके है।
गौरतलब है कि यह मार्ग पाली का सबसे व्यस्ततम मार्ग है। इसी एक सकरे रोड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ कॉलेज, जनपद कार्यालय, हाई स्कूल, बीईओ कार्यालय,सहकारिता विभाग,बैंक,शिशु मंदिर सहित दर्जनों शासकीय कार्यालय, स्कूल और छात्रावास स्थित हैं। दिन भर इस रोड पर आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि इस मार्ग से सुगम आवागमन के लिए व्यवस्था बनाए रखने पुलिस की नियमित कार्रवाई अपेक्षित है।





