0 खनिज विभाग की कार्रवाई, 66 प्रकरणों में एफआईआर
बिलासपुर। जिला खनिज विभाग के द्वारा 66 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज करते हुए कार्रवाई की गयी है। उप संचालक खनिज प्रशासन ने एक प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध 1 साल की कठोर कारावास और 25 हजार रुपए की अर्थदंड से दंडित किया है। इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहने की बात किशोर कुमार गोलघाटे ने कही है।
जिला खनिज विभाग के उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर कुमार गोलघाटे ने बताया कि 15 जून 2025 को खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोकथाम को लेकर एक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दिशा निर्देश के तहत जिले में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग के द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन व परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 66 प्रकरणों में पुलिस ने थाना कोटा, रतनपुर, सीपत, सिविल लाइन, सरकंडा, मस्तूरी, पचपेड़ी, हिरी और चकरभाठा में प्रभारियो के द्वारा एफआईआर दर्ज किया गया है। इन सभी प्रकरणों में पुलिस ने न्यायालय, विशेष न्यायालय खान और खनिज विकास विनियमन की अधिनियम 1957 बिलासपुर में ही प्रक्रियाधीन है। इनमें एक प्रकरण जलेश्वर कश्यप पिता सुखदेव कश्यप निवासी खैरा डगरिया थाना सीपत और अमर कुमार केंवट पिता संत कुमार केंवट निवासी चोरहादाबरी थाना रतनपुर के द्वारा खैरा डगरिया में जगशाला के समीप ट्रैक्टर मय ट्राली वाहन क्रमांक सीजी 10 एके 0553 में रेत खनिज का अवैध परिवहन करते पाये जाने पर प्रकरण दर्ज कर ट्रैक्टर मय ट्राली पुलिस थाना सीपत की अभिरक्षा में रखा गया था।
0 अर्थदंड और सजा से दंडित
उक्त प्रकरण में एफआईआर दर्ज उपरांत आज विशेष न्यायालय ने खान और खनिज अधिनियम 1957 के द्वारा निर्णय पारित कर आरोपी जलेश्वर कश्यप पिता सुखदेव और अमर कुमार केंवट पिता संत को धारा 303 (2) सहपठित 3 (5) भारतीय न्याय की संहिता के अंतर्गत 1 साल का कठोर कारावास के साथ ही 1 हजार का अर्थदंड एवं धारा 4 (1) व 4 (1क), 21 खान और खनिज अधिनियम 1957 के अंतर्गत 25 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा से दंडित किया गया है।
0 विशेष अभियान चलाया जाएगा
जिला खनिज विभाग के उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर कुमार गोलघाटे ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई करने से सभी रेत और अवैध उत्खनन परिवहन करने वाले कॉन्ट्रैक्टर के हौसले और भी पस्त होंगे तथा अवैध उत्खनन व परिवहन की रोकथाम में भी लगाम लगेगी। उप संचालक श्री गोलघाटे ने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में इस तरह के विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।





