👉🏻 कोरबा के पुरानी बस्ती निवासी के रूप में हुई पहचान
कोरबा। कोरबा-कुसमुंडा के मध्य हसदेव नदी पर निर्मित रेलवे के दूसरे पुल के नीचे फांसी के फंदे पर लटके मिले युवक की पहचान हो गई है। वह कोतवाली थाना अंतर्गत पुरानी बस्ती में पंजाबी गुरुद्वारा के आगे निवासरत विकास दास मानिकपुरी था। समाचार के साथ उसकी फोटो वायरल होने पर बस्ती के ही युवकों ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को अवगत कराया। परिजनों को इस घटना की जानकारी नहीं थी। जानकारी होते ही उनमें कोहराम मच गया और दौड़े-भागे घटनास्थल पहुंचे।
स्थानीय युवकों व मृतक के परिचितों के बताए अनुसार सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे इस युवक को किसी युवती के साथ रेलवे पुल के ऊपर इधर-उधर चहल-कदमी करते देखा गया था। यह दोनों पुल के ऊपर मौजूद रहकर आपस में कुछ बात कर रहे थे, फिर अचानक उनके बीच विवाद हुआ? फिर क्या हुआ किसी को नहीं पता। आज सुबह जब युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला तो इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद में तैश में आकर युवती की चुनरी झटक कर युवक ने फांसी लगा ली। हालांकि, युवती का कुछ पता नहीं चला है कि वह कहां गई! जब तक युवती का कुछ पता नहीं चलता, तब तक इन दोनों के बीच हुई बातचीत और घटना के रहस्य से पर्दा उठाना थोड़ा मुश्किल है। इसी तरह युवक ने खुदकुशी की है या फिर मामला कुछ और है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के सही कारण का पता चलने से हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शिनाख्त उपरांत वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम बाद परिजन के सुपुर्द करने की कार्रवाई पूरी की। मामले में कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है।







