👉🏻 अवैधानिक पोस्टर-फ्लैक्स लगाने वाले की मनमानी
कोरबा। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के कोरबा जिला प्रवास के मद्देनजर उनके स्वागत में जगह-जगह बैनर पोस्टर लगाए गए। कई पोस्टर वैध तो कई अवैध तरीके से लगाने वाले ने हर बार की तरह इस बार भी लगाए। पोस्टर लगाने का काम करने वाले लोगों के द्वारा जैन चौक बुधवारी में भी पोस्टर लगाया गया लेकिन जिसे भी यह काम सौंपा गया, उसकी इतनी मनमानी और हिमाकत रही कि उसने चौक में जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा लगवाए गए “एक पेड़ मां के नाम” वाले राउंड फ्लेक्स को निकाल कर फेंक दिया। जैन चौक पर उपमुख्यमंत्री के स्वागत में चारों तरफ फ्लेक्स लगाया गया और राउंड फ्लेक्स इस एक किनारे पर जैसा पहले रखा था, वैसा रहने दिया जाता तो कोई दिक्कत नहीं थी। किंतु फ्लेक्स लगाने वाले की मनमानी इस कदर बढ़ी हुई है कि वह नगर निगम की एमआईसी में पारित हुए निर्देशों की अवहेलना करते हुए लगातार मनमानी कर रहा है।

फ्लेक्स, बैनर, पोस्टर लगाने का काम करने वाले के द्वारा न सिर्फ अवैध रूप से जहां पाए वहां सरकारी संपत्ति में इसे लगाने का काम अवैधानिक तरीके से किया जा रहा है। दूसरी तरफ इस तरह से जिला प्रशासन के फ्लेक्स पोस्टर को फेंक देना भी उसकी मनमानी को प्रदर्शित कर रहा है। अब नगर निगम के द्वारा लगाए गए अवैध बैनर और फ्लेक्सों को उतारने के लिए अपना अमला अलग से लगाना पड़ेगा और इन्हें उतरवाकर ढो कर ले जाने के लिए नगर निगम के पैसे से डीजल फूंकना पड़ेगा।


















