👉🏻 सरपंच अचला कंवर के नेतृत्व में वन विकास निगम और पंचों का सहयोग
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान “एक पेड़ मां के नाम” के तहत कोरबा जिले में शहर से लेकर गांव तक बड़े पैमाने पर पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में कोरबा जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत कतबितला में भी पौधारोपण का कार्य कराया जा रहा है। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती अचला कंवर के नेतृत्व में एवं छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के सहयोग से यहां ग्राम पंचायत की लगभग 15 एकड़ भूमि पर ईमारती व फलदार,छायादार विभिन्न प्रजातियों के 50 हजार पौधों का रोपण कार्य जारी है। वन विकास निगम के साथ-साथ पंचायत के पंचों और ग्रामवासियों के द्वारा इस कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग किया जा रहा है।
सरपंच ने कहा है कि पंचायत क्षेत्र में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार के अभियानों का बेहतर क्रियान्वयन करने के लिए सभी के सहयोग से कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम के लिए पेड़-पौधों का होना जरूरी है। जिस तरह से आज प्रदूषण के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है एवं आम लोगों को शुद्ध ऑक्सीजन प्राप्त नहीं हो रहा है, उस कमी को दूर करने के लिए आज रोपे गए पौधे कल वृक्ष बनकर प्राण वायु प्रदान करेंगे।






