👉🏻 एसपी के हस्तक्षेप उपरांत अधिवक्ता पर दर्ज हुआ अपराध
कोरबा। कोरबा में संचालित अवैध कबाड़ के मामले में कबाड़ चोरों का पक्ष लेकर पत्रकार को धमकाने व गालियां देने के मामले में अधिवक्ता कमलेश साहू पर अपराध दर्ज कर लिया गया है।
दरअसल, कमलेश साहू अवैध कबाड़ चोरी के मामले में आरोपी मुकेश साहू का भाई और वकील भी है, बिना नाम के प्रकाशित एक खबर पर मुकेश का पक्ष लेकर पत्रकार को धमकाने लगा।
यह जगजाहिर है कि कोई भी अधिवक्ता अपने क्लाइंट का केस न्यायालय में लड़ता है लेकिन कोई अधिवक्ता अपने क्लाइंट का पक्ष लेकर सड़क पर उतर जाए, मरने- मारने की बात करने लगे, तो बात सिर्फ पेशे तक सीमित नहीं रह जाता बल्कि उसके व्यक्तिगत स्वार्थ को साबित करता है। पुलिस चौकी मानिकपुर थाना कोतवाली कोरबा में दर्ज अपराध क्रमांक 366/2026 , धारा 296, 351(2)BNS है। अधिवक्ता कमलेश साहू का कबाड़ के व्यवसाय में सीधे तौर पर जुड़ा होना, उसका व्यक्तिगत मामला भी हो सकता है लेकिन किसी खबर प्रकाशन को लेकर इस प्रकार से गाली-गलौज करते हुए धमकी देना कतई उचित नहीं।

मिली जानकारी के अनुसार 3 दिन पूर्व कोतवाली पुलिस द्वारा कबाड़ लोड ट्रक को रोका गया था , वो गाड़ी किसी साहू की थी, कोतवाली थाना ने इस बात को बताया जिसके आधार पर योगेश सलूजा नामक पत्रकार ने मुकेश साहू के खिलाफ खबर प्रकाशित किया। इस खबर से कबाड़ चोर मुकेश साहू का भाई अधिवक्ता कमलेश साहू बौखला गया और फोन पर ही पत्रकार को मां-बहन की गाली और मारने-पीटने की धमकी देने लगा। हद तो तब हो गई जब पत्रकार को खोजते हुए मानिकपुर चौकी के पास पहुंच गया। पत्रकार योगेश सलूजा बहुत डरा हुआ था और अपनी जान के डर से रिपोर्ट किए बिना ही वापस आ गया।
रविवार सुबह कमलेश साहू द्वारा दिए गए गाली-गलौज और धमकी का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तक यह बात पहुंची तो उनके निर्देश पर तब जाकर मानिकपुर चौकी में FIR दर्ज कराया जा सका। हालांकि,इस आरोप पर अधिवक्ता कमलेश साहू का कहना है कि उनके द्वारा कबाड़ की खबर छापने की बात को लेकर योगेश सलूजा को धमकाया नहीं गया बल्कि उसे वसूली करने के कारण वसूली नहीं करने के लिए समझाया गया है।
दूसरी तरफ कमलेश साहू के भाई मुकेश साहू ने लिखित शिकायत मानिकपुर पुलिस सहायता केन्द्र में देते हुए कहा है कि वह राताखार बजरंग चौक का निवासी होकर मायरा इंटरप्राईजेस का संचालन करता है तथा कबाड का कारोबार करता है। उक्त संस्थान में स्क्रैप की खरीदी व बिक्री का कार्य करता है। विगत 01 माह से उसके विरूद्ध योगेश सलूजा नामक पत्रकार झूठी खबर बनाकर सभी पोर्टल मे चलवा कर मेरे विरूद्ध जनमानस में विपरीत माहौल बनाकर लगातार परेशान व प्रताड़ित कर रहा था। 1/04/26 को योगेश सुलजा ने पूछने पर बताया कि ये खबर रवि साहू पैसा देकर चलवा रहा है। अगर आप चाहते कि ये खबर नही चलनी चाहिये तो मुझे हर माह 250000/- दो लाख पचास हजार रूपये की हर किस्त बांध दो, मैं आगे से आपकी खबर अपने या किसी भी न्यूज में चलने नहीं दूंगा। यह रकम राजेश उपाध्याय व नूर आलम के सामने लिया और कहा कि आगे से हर माह से मुझे महिने के पहली तारिख को ही रकम मिल जानी चाहिये। विगत दो-तीन माह पूर्व मेरे विरूद्ध एक मामला कबाड खरीद के सबंध मे सीएसईबी चौकी के द्वारा की गई थी जिस पर मै बहुत परेशान था, जिसमे मेरे द्वारा कोई अपराध कारित नही किया गया था किन्तु रवि साहू व उसके भाई राजेश साहू के द्वारा मेरे नाम से योगेश सलूजा से मिलकर जबरन मेरे विरूद्ध खबर चलाने के कारण मुझे उस मामले में आलिप्त कर दिया। जिसके कारण मै डर के मारे योगेश सूलजा के भयादोहन को स्वीकार अभी तक 250000/- रूपये दे दिया और अब पून : योगेश सूलजा के द्वारा मेरे विरूद्ध यह कहते है कि मुझे अब 100000/- एक लाख रूपये चाहिये नही तो मेरे तुम्हारे कारोबार को बर्बाद कर दूंगा बोलकर मुझसे रकम की मांग करने लगा। जिस पर मेरे द्वारा उसे उक्त रकम को देने से मना कर दिया गया है। जिस पर मुझे आज दिनांक को अरशद लारी के माध्यम से मिलने के लिये टीपी नगर सुबह बुलाया था मैं नही आया तो मुझे अपने शार्गिद प्रदीप राव के माध्यम से धमकी दिलावाया है कि आज वह मेरे विरूद्ध खिलाफ मे समाचार चलाकर मेरा दुकान बंद करवा देगा। जिसके झुठी व फर्जी न्युज से बिना सोचे व जॉच के कारण मैं बहुत ही परेशान हूँ। उक्त व्यक्ति के द्वारा किये गये भयादोहन से मै व मेरा परिवार पूरी तरह डरा हुआ है।










