👉🏻 दूरस्थ वनांचल ग्राम की घटना, सुबह से डटे रहे पुलिस अधिकारी
कोरबा। कोरबा जिले के पाली थाना अंतर्गत वनांचल ग्राम पंचायत ईरफ के अंतर्गत आने वाले ग्राम हर्राडीह में अज्ञात आरोपियों ने एक दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने इसी के निकट एक वृद्धा की जान ले ली। दोनों घटनाओं की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और आरोपियों का सुराग तलाशने के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही है।
घटना के संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आज रविवार सुबह पाली थाना अंतर्गत पुलिस चौकी चैतमा में इस बात की सूचना बजरंग धनुहार के द्वारा दी गई कि उसके मामा चैतराम व मामी परमिला धनुहार को रात में सोते वक्त किन्हीं अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। मामा का मुंह व जबड़ा टूट गया है। शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात इस घटना को अंजाम दिया गया। मामा-मामी के घर से करीब 100 मीटर दूर एक कुटिया में रह रही अकेली वृद्धा समारिनबाई 65 वर्ष की हत्या को अंजाम दिया गया। जंगल में उसकी लाश मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित आला अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। देर शाम करीब 8 बजे तक पुलिस दल की वापसी घटनास्थल से पाली थाना मुख्यालय नहीं हो सकी थी।




