👉🏻 किराए की ट्रक लेकर कटर से काटकर किया था सनसनीखेज चोरी
👉🏻 3 दर्जन से अधिक मामलों में हैं नामजद अपराधी
कोरबा। सरकारी लोहा की चोरी करने के एक बड़े मामले में बांकीमोंगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे लाईन से विद्युत खंभा चोरी करने वाले निगरानी बदमाश आरोपी धरम सिंह राजपूत एवं फिरोज उर्फ राजा खान को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा ने सत्यसंवाद को बताया कि प्रार्थी अनीश कुमार सिंह पिता शतेन्द्र सिंह 27 साल निवासी मुरली मेट्रो के सामने कटघोरा, स्थाई पता 195 ग्राम गिधौना अखण्डनगर सुल्तानपुर उत्तरप्रदेश ने 17.02.2026 को थाना में लिखित आवेदन दिया था कि थाना बांकीमोंगरा क्षेत्रांतर्गत आर एस इन्फा प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा सुराकछार से सेन्दुरगढ़ पसान तक निर्माणाधीन रेलवे लाईन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल विद्युत पोल गड़ाकर विद्युत लाईन बिछाकर कार्य किया जा रहा था। इसके लिए 444 नग रेलवे विद्युत खंभा को बांकी 04 नंबर बायपास रोड किनारे स्थित वैचिंग प्लांट के पास डम्प कर रखा गया था जिसमें से 193 नग रेलवे विद्युत खंभा को रेलवे लाईन में लगाया गया था, 251 नग विद्युत खंभा शेष होना था। 04 फरवरी को मिलान करने पर 149 नग विद्युत खंभा बचा था तथा 102 नग विद्युत खंभा कीमती 42 लाख 41 हजार 687 रूपये को कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।
👉🏻 अकलतरा में चोरी का संदेह में हुई जप्ती
रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्र. 35/2026 धारा 303 (2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले (रा.पु.से) एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा के मार्गदर्शन में एएसआई चन्द्रशेखर वैष्णव के द्वारा प्रकरण की विवेचना किया गया। विवेचना दौरान ज्ञात हुआ कि प्रकरण में चोरी गए रेलवे विद्युत खंभा को जांजगीर-चाम्पा जिले के थाना अकलतरा में धारा 106 बीएनएसएस के प्रकरण में ट्रक क्रमांक सीजी 10 आर 1744 के साथ जप्त किया गया है।
👉🏻 किराए में ट्रक लेकर वारदात को अंजाम दिया
इस आधार पर ट्रक वाहन स्वामी से पूछताछ में धरम सिंह राजपूत निवासी बांकीमोंगरा एवं राजा खान निवासी कुसमुण्डा के द्वारा उक्त ट्रक को कोयला ट्रांसपोर्टिंग हेतु किराये में ले जाना बताया गया। आरोपी धरम सिंह राजपूत एवं राजा खान के द्वारा ड्रायवर अशोक चौहान के साथ मिलकर बांकी 04 नंबर के पास से रेलवे विद्युत खंभा को गैस कटर से काटकर चोरी करना बताया गया। 140 नग रेलवे विद्युत खंभा के टुकड़ा को जप्त किया गया तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक सीजी 10 आर 1744 को हिन्दुजा फायनेंस कंपनी बिलासपुर से जप्त किया गया।
👉🏻 स्थायी वारंट में पाली से गिरफ्तारी
इसके बाद आज स्थाई वारंट पता तलाश हेतु टीम गठित कर ग्राम पाली रवाना किया गया था जहां मुखबिर की सूचना पर आरोपी धरम सिंह राजपूत एवं राजा खान उर्फ फिरोज को पकड़कर थाना लाया गया। पूछताछ में जुर्म करना स्वीकार किये। आरोपी धरम सिंह राजपूत की निशादेही पर अपराध में प्रयुक्त गैस सिलेण्डर, कटर को जप्त किया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय कटघोरा में पेश कर उपजेल कटघोरा में दाखिल किया गया।
👉🏻 इनकी रही अहम भूमिका
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बांकीमोंगरा निरीक्षक चमन सिन्हा,ASI चन्द्रशेखर वैष्णव, प्रधान आरक्षक 76 नरेन्द्र टेकाम, 35 राजेश कंवर, आरक्षक 700 रोहित राठौर, 779 हरीश मरावी, 548 रघुवीर प्रताप की भूमिका सराहनीय रही।
ज्ञात हो कि पिछले साल अवैध कट्टा रखने और फायर करने के आरोप में धरम राजपूत जेल गया था। वह बांकीमोंगरा के निगरानी बदमाश के रूप में दर्ज है। जिला के विभिन्न थाना में 3 दर्जन से अधिक मामले इनके विरुद्ध चल रहे हैं। लोगों में इसके नाम का दहशत था।






