👉🏻इंस्टाग्राम पोस्ट पर आपत्तिजनक कमेंट कर कहा- “गन ठोंक दूँगा,रायपुर में तेरा काम खत्म करूंगा …”
कोरबा। युवक कांग्रेस के संगठन चुनाव की गहमा-गहमी के बीच एक युवा प्रत्यशी को इंस्टाग्राम पर खुलेआम “गन ठोंक देने” (गोली मारने) की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद युकां नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली थाना अंतर्गत पुरानी बस्ती कोरबा निवासी अदनान मेमन ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया है कि वह युवक कांग्रेस के संगठन चुनाव में कोरबा शहर ब्लॉक अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। संगठन चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों और सोशल मीडिया पोस्ट के कारण उनका लगातार रायपुर आना-जाना लगा रहता है।
आवेदन के अनुसार, उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कथित आईडी “4oong.7” से बेहद आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त आईडी से उन्हें रायपुर में गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई। आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए लिखा कि रायपुर पहुंचते ही उनका “काम तमाम” कर दिया जाएगा और बचने की कोशिश भी बेकार होगी।
अदनान मेमन ने आवेदन में कहा है कि चुनावी गतिविधियों के चलते उन्हें लगातार रायपुर जाना पड़ता है। ऐसे में इस तरह की सार्वजनिक धमकी से उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। उन्होंने पुलिस से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की जांच कर संचालक की पहचान करने और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो।
शिकायत के साथ उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के स्क्रीनशॉट, कथित धमकी भरी टिप्पणी तथा संबंधित प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा है। आवेदन में उल्लेख है कि कथित प्रोफाइल निजी (प्राइवेट) है और उसका नाम “Sohan Chandravanshi” प्रदर्शित हो रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसी प्रोफाइल से धमकी दी गई।





