0 अरदा मेन रोड में 7 माह पहले हुई थी घटना, बिना सुरक्षा काम करा रहा था ठेकेदार
कोरबा। बांकीमोंगरा पुलिस ने करीब सात माह पहले निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से हुई मजदूर की मौत के मामले में जांच पूरी होने के बाद ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, महेश राम धोबी 40 वर्ष, निवासी छुरीकला बिंझवारपारा, की 1 दिसंबर 2025 को ग्राम अरदा मेन रोड किनारे निर्माणाधीन दुकान में काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना पर पहले मर्ग कायम कर जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र बिंझवार और रमेश कुमार चौहान सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। गवाहों ने बताया कि राहुल कुमार बिंझवार निर्माण कार्य करा रहा था। दुकान की दीवार बनाने में बाधा बन रही नीम पेड़ की डालियों की कटाई के लिए महेश राम धोबी को पेड़ पर चढ़ाया गया था। काटने के दौरान पेड़ की शाखाएं ऊपर से गुजर रही एसईसीएल की 33 केवी हाई वोल्टेज विद्युत लाइन के संपर्क में आ गईं, जिससे महेश राम धोबी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे, जबकि उन्हें हाई वोल्टेज लाइन के बेहद नजदीक काम कराया जा रहा था। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया लापरवाही माना है।
जांच पूरी होने के बाद बांकीमोंगरा थाना में राहुल कुमार बिंझवार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।







