कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित एकलव्य परिसर छुरीकला के स्कूल में स्टाफ रूम के भीतर शिक्षक से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक स्टाफ कॉलोनी, एकलव्य परिसर छुरीकला निवासी विमल कुमार विश्वकर्मा 27 वर्ष, जो स्कूल में टीजीटी (संस्कृत) के पद पर कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 11 जुलाई की सुबह करीब 11:20 बजे वह स्टाफ रूम में छात्रों की कॉपियां जांच रहे थे। इसी दौरान स्कूल स्टाफ अशोक कुमार वहां पहुंचा और पुरानी बातों को लेकर गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर अशोक कुमार ने केवल राम शर्मा को फोन कर बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से शिक्षक के चेहरे और पीठ पर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि इस दौरान स्टाफ रूम की खिड़की खुली थी और उसके सामने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई चल रही थी। इस कारण कई छात्रों ने पूरी घटना देखी और सुनी। मारपीट में शिक्षक के बाएं गाल, पीठ, बाएं हाथ और गले में चोटें आईं। घटना की जानकारी उन्होंने अपने सहकर्मियों तथा स्कूल के प्राचार्य को भी दी।
कटघोरा थाना पुलिस ने अशोक कुमार और केवल राम शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
KORBA:एकलव्य स्कूल में मारपीट,शिक्षक को दो कर्मचारियों ने पीटा-छात्रों ने देखा







