👉🏻 इस बार भी यही सफाई- चुनाव में हारे हुए लोगों की साजिश, कहा- स्क्रिप्ट राइटर वही,किरदार बदल गया
कोरबा-पोड़ी उपरोड़ा। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश चंद्र जाखड़ पर 3 महीने के भीतर दूसरी बार महिला संबंधी गंभीर अपराध की शिकायत पुलिस से की गई है। इसी साल अप्रैल माह में उन पर एक महिला के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या में शामिल होने का गंभीर आरोप पति द्वारा लगाया गया जिसकी जांच का पुलिस की ओर से अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। संभवत: मामला रफ़ा-दफा हो गया है। इसके बाद हाल ही में पसान क्षेत्र एक महिला ने जाखड़ पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में महिला थाना कोरबा में शपथ पूर्वक लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पिछली बार की तरह इस बार भी श्री जाखड़ ने इस तरह के आरोप और शिकायत को चुनाव में हारने वालों की साजिश बताया है। उन्होंने कहा है कि स्क्रिप्ट लिखने वाला वही है, लेकिन इस बार किरदार बदल गया है।
बहरहाल, शिकायत के अनुसार, घटना 3 जुलाई 2026 की शाम की है। पीड़िता का आरोप है कि वह अपने घर में खाना बना रही थी, जबकि उसका पति बाहर लकड़ी जमा कर रहा था। इसी दौरान प्रकाश चन्द्र जाखड़ कथित रूप से जबरन घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती करने लगा। महिला का कहना है कि विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने किसी को घटना की जानकारी नहीं देने के बदले पैसे देने की बात कही।
पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर उसका पति और ससुर मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया तथा राशन कार्ड और आवास योजना का लाभ बंद कराने, गांव से निकलवाने और जान से मरवाने की धमकी दी।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने राजनीतिक और प्रशासनिक पहुंच का हवाला देते हुए कहा कि उसके खिलाफ शिकायत करने से कोई कार्रवाई नहीं होगी तथा उसके पति को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी भी दी।
उल्लेखनीय है कि प्रकाश चन्द्र जाखड़ का नाम भारतीय जनता पार्टी की स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में भी शामिल है। हालांकि, इस मामले में उनके पक्ष या भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपों की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले में पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
🫵🏻 पढ़िए, पूर्व में लगे आरोप से सम्बंधित खबर👇🏻







