👉🏻 पूर्व सरपंच-सचिव की मुसीबत बढ़ाई फर्म श्री साईं बाबा के दिनेश अग्रवाल ने
👉🏻 वसूली की नोटिस से परेशान हैं दोनों, पुलिस में एफआईआर कराने हुई शिकायत
कोरबा। जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृत कार्यों को करने का ठेका तत्कालीन सरपंच और सचिव ने जिस फर्म के संचालक को दिया उसने करीब 75% राशि हासिल करने के बाद 4 साल से काम रोक दिया है। उसने थोड़ा बहुत जो काम कराया वह भी गुणवत्ताहीन है। ठेकेदार दिनेश अग्रवाल की वजह से तत्कालीन सरपंच और सचिव जिला प्रशासन की रडार में हैं। इन पर वसूली के लिए नोटिस पर नोटिस जारी हो रही है। अब पीड़ितों ने फर्म संचालक के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। मामला जांच में ही लंबित रखा गया है।
आवेदकद्वय श्रीमती टिकैतिन टेकाम पति स्व. कुनैन सिंह (पूर्व सरपंच) ग्राम पंचायत नगोई बछेरा एवं रविन्द्र कुमार नेटी पिता मालिक राम नेटी (सचिव) निवासी- ग्राम पंचायत धवईपुर थाना कटघोरा जिला कोरबा (छ.ग.) के निवासी हैं। इन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक से की गई शिकायत में कहा है कि- हमारे द्वारा फर्म श्री सांई बाबा फ्लाई ऐश ब्रिक्स इंडस्ट्रीज के संचालक दिनेश अग्रवाल को ग्राम पंचायत नगोई बछेरा में स्वीकृत कार्य (डी.एम.एफ. योजना) दो नग अतिरिक्त भण्डार कक्ष, 40 नग पक्का वर्मी बेड एवं 2 नग एक शौचालय निर्माण कार्य कुल स्वीकृत लागत राशि- 16,00,000/- (सोलह लाख रुपये) के कार्य को पूर्ण कराने ठेके पर दिया गया था। कार्य को पूर्ण कराने हेतु कुल राशि 10,80,000/- (दस लाख अस्सी हजार रुपये) दिनेश अग्रवाल को उक्त फ़र्म के माध्यम से एवं 1,15,000/- (एक लाख पन्द्रह हजार रुपये) नगद भुगतान किया गया है। कुल राशि 11,95,000/- (ग्यारह लाख पंचान्वे हजार रुपये) भुगतान किया गया है।
आरोप है कि राशि मिलने के बाद दिनेश अग्रवाल ने उक्त निर्माण कार्य को सन् 2022 से बंद कर दिया है, संबंधित कार्य पूर्ण कराने के लिए बोलने पर आनाकानी करता है, जिससे हम दोनों व्यक्ति शासन द्वारा की जा रही कार्यवाही से परेशान हैं।उक्त भवन आज पर्यन्त अधूरा है। उक्त भवन के अधूरा होने से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पोडी उपरोडा एवं कार्यालय कलेक्टर कोरबा से बार-बार नोटिस जारी हो रहा है। चूंकि उक्त कार्य शासकीय है जिससे उक्त निर्माण कार्य हेतु आहरित राशि हम से वसूली होने वाला है।अवगत हो कि इनके द्वारा अतिरिक्त भण्डार कक्ष है का निर्माण गुणवत्ता विहिन कराया गया है जिससे बेस में दीवाल के चारों ओर दरार आ गया है।
अतः निवेदन है कि उक्त फर्म के संचालक दिनेश अग्रवाल सिविल कॉन्ट्रेक्टर पर शासकीय धनराशि का दुरुपयोग एवं हमारे साथ हुए धोखाधडी पर F.I.R. दर्ज करते हुए उचित कार्यवाही कर न्याय दिलाने की कृपा करें।
👉🏻 अधिकारियों ने जांच में लंबित रखी है शिकायत
आवेदकद्वय पूर्व सरपंच व सचिव ने कटघोरा थाना प्रभारी के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा, जिला- कोरबा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुविभागीय कार्यालय पोडी उपरोडा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पोडी उपरोडा को भी सूचनार्थ प्रेषित किया है। पुलिस स्तर पर जहां एसपी के निर्देश पर थाना स्तर से जांच की बात सामने आ रही है तो दूसरी तरफ प्रशासनिक तौर पर गबन के इस मामले में क्या हो रहा है, इसकी जानकारी देने के लिए कोई अधिकारी उपलब्ध नहीं है।







