👉🏻 दिनदहाड़े घर घुसकर डण्डा, हाथ-मुक्का,नारियल से मारा
कोरबा। निजी जमीन पर खम्भा गाड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष पर आरोप है कि उन लोगों ने घर में घुसकर दंगा किया है। दोनों पक्ष की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
ग्राम गुरसियां निवासी प्रार्थी शिवा जायसवाल ने बताया कि वह घटना दिनाँक 4 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे घर के पीछे तार जाली लगाने हेतु लकड़ी का खम्भा लगाने का काम लेबर के साथ कर रहा था। उसी समय गांव का भोला गोस्वामी, संतोष पुरी गोस्वामी, युवराज पुरी, विक्की गोस्वामी, संतराम, रामराज, लक्ष्मीन बाई, चंदा बाई, बहोरन एवं अन्य लोग आये और बोले कि तुम इस जमीन पर आगे बढ़ाकर खम्भा क्यों गड़ा रहे हो। तब शिवा ने बोला कि मैं अपने जमीन पर ही खम्भा गड़ा रहा हूं, इसी बात को लेकर इन सभी लोगों ने गाली-गलौच किया। शिव वहां से अपने घर के अंदर चला गया, तब भोला गोस्वामी, संतोष पुरी गोस्वामी, विक्की गोस्वाामी, युवराज पुरी, संतराम, रामराज, बहोरन डण्डा लेकर उसके घर के अंदर घुस गये और जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्का से मारपीट किये जिससे शिवा के बांये आंख के पास गाल में चोट लगा। मारपीट देख कर दुकान का नौकर त्रिज्या कुमार सोनी बीच बचाव करने आया तो विक्की गोस्वामी ने उसे नारियल से मारा जो उसके दाहिने आंख में लगा तथा पत्नि रीना जायसवाल एवं मां सुमन जायसवाल बीच बचाव करने आये तो उनके साथ भी वाद-विवाद कर हाथापाई किये जिससे चोट लगा है। ग्राम गुरसिंया का राहुल बघेल भी बीच-बचाव करने आया तो उसे भी गाली-गलौच कर मारपीट किये। मारपीट से राहुल बघेल के बांये हाथ की गदेली में चोट लगा है।
शिवा की रिपोर्ट पर इन सभी के विरुद्ध धारा 115(2), 191(2), 296, 333, 351(3) BNS के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
👉🏻 दूसरे पक्ष ने भी लिखाई रिपोर्ट
दूसरे पक्ष से प्रार्थी लक्ष्मी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिस पर शिवा जायसवाल, रीना जायसवाल, राहुल बघेल के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 351(3) BNS के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि ग्राम गुरसिंया के शिवा जायसवाल के घर के पीछे मेरा जमीन है जिस पर शिवा जायसवाल के साथ विवाद चल रहा है। दोपहर करीब 3 बजे उसे सूचना मिली कि विवादित भूमि पर शिवा जायसवाल बाउंड्री का निर्माण कर रहा है। मौके पर वह भोला गोस्वामी, विक्की गोस्वामी, रामराज, संत सिंह, चंदा बाई, संतोष पुरी एवं अन्य के साथ गई। शिवा जायसवाल को बोली कि इस जमीन पर निर्माण के लिये न्यायालय से स्टे ली हूं, तो फिर क्यों निर्माण कर रहे हो, जिससे नाराज होकर शिवा जायसवाल, रीना जायसवाल, राहुल बघेल सभी एक राय होकर उसे गाली देने लगे। गाली देने से मना की तो जान से मारने की धमकी देते हुये सभी ने हाथ मुक्का से मारपीट किये। मारपीट से उसके बांये हाथ, सिर में चोट लगा है।





