👉🏻अंडर-17 टीम ने जीता स्वर्ण, अंडर-19 टीम रही उपविजेता
कोरबा। स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एंड प्रमोशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट खो-खो में आर्यन पब्लिक स्कूल, उरगा (जिला-कोरबा) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र राहुल मैत्री, जय महंत, भूपेन्द्र कंवर, संगम वीर लहरे, सौरभ बघेल, दुर्गेश पटेल, अभिनव भारती, उत्कर्ष चंद्रा, सियोन तिग्गा, आर्यन कुर्रे, अनिमेश मार्टिन,अक्षय जयताड़े, अनिश राज एवं विवेक प्रधान ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत अंडर-17 टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि अंडर-19 टीम ने रजत पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट नेपाल के पोखरा में 29 जुलाई से 31 जुलाई तक आयोजित किया गया, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों से 216 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप भी अपने नाम की।
आर्यन पब्लिक स्कूल, उरगा के कोच सुनील कुमार यादव के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से अंडर-19 टीम को फाइनल तक पहुंचाने में कोच की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं कोच को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







