कोरबा-बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 14 कटाईनार, बांकीमोंगरा में पेयजल समस्या, बोरिंग कार्य में अनियमितता के मामले में अब दबाव व धमकी के संबंध में शिकायत की गई है।
आवेदिका डिंकी कौर, निवासी वार्ड क्रमांक 14, कटाईनार (बांकीमोंगरा), ने जनदर्शन के माध्यम से कलेक्टर के संज्ञान में लाया है कि-
हमारे वार्ड में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिसके संबंध में मैं कई बार नगर पालिका एवं संबंधित वार्ड पार्षद को लिखित आवेदन दे चुकी हूँ, परंतु आज दिनांक तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
बोर बोरिंग कार्य को लेकर यह आरोप है कि वास्तविक आवश्यकता वाले स्थान पर बोरिंग नहीं कराई जा रही है, जबकि अन्य स्थानों पर कार्य किया जा रहा है, जिससे पक्षपात की आशंका उत्पन्न होती है।
मेरे द्वारा इस संबंध में आवाज उठाने एवं शिकायत करने के बाद, मेरा आरोप है कि वार्ड पार्षद के पति द्वारा दबाव बनाया गया। मुझे शाम के समय मीटिंग में बुलाया गया। वहां मेरे साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। मुझ पर बयान वापस लेने का दबाव डाला गया। ऐसा न करने पर मेरे विरुद्ध थाने में FIR दर्ज कराने की धमकी दी गई। कुछ लोगों द्वारा मीटिंग के दौरान मेरे साथ अनुचित व्यवहार किया गया, जिससे मैं मानसिक रूप से आहत हुई हूँ। महोदय, एक महिला होने के नाते इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत पीड़ादायक एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न करने वाला है। यह न केवल व्यक्तिगत उत्पीड़न का मामला है, बल्कि जनहित के मुद्दे को दबाने का प्रयास भी प्रतीत होता है।
👉🏻अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि-
1, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2, बोरिंग कार्य की वास्तविक स्थिति एवं अनियमितताओं की जांच हो।
3, दबाव, धमकी व अनुचित व्यवहार करने वालों के विरुद्ध तत्काल रोक का आदेश दिया जाए ।
4, वार्ड में पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मैं आशा करती हूँ कि आप इस गंभीर मामले में आवश्यक कार्रवाई करेंगे।







