👉🏻 खाने गए थे समोसा, दूसरे के तंज से हुआ विवाद, लगाने पड़े थाना व अस्पताल के चक्कर
कोरबा। समोसे का स्वाद लेने पहुंचे दो युवकों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि चंद मिनटों में उन्हें अस्पताल और थाने के चक्कर लगाने पड़ जाएंगे। दरअसल, समोसा हाथ में लाकर देने की बात पर दूसरे के तंज पर ऐतराज से शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज, मारपीट और एफआईआर तक पहुंच गई।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक दर्री थाना अंतर्गत अमन नगर निवासी सूराज अली (27) 21 जुलाई की शाम अपने दोस्त गोविंदा के साथ दुर्गा मंदिर के पास स्थित नराद समोसा दुकान पहुंचा था। दुकान में मौजूद बुजुर्ग महिला ने कहा कि 20 रुपये में खड़ा समोसा तीन पीस मिलेगा, जबकि तोड़कर लेने पर दो पीस दिए जाएंगे। सूराज ने तीन पीस समोसा मांगा और कहा कि यहीं हाथ में दे दीजिए। महिला ने जवाब दिया कि “आकर ले जाओ।” सूराज जब समोसा लेने पहुंचा, तभी वहां मौजूद चंडी ने कथित तौर पर तंज कसते हुए कहा, “तुम लोग कोई नेता हो क्या, जो हाथ में समोसा लाकर देगा?”
शिकायत के अनुसार, इसका विरोध करने पर चंडी, तमजीत कुरैशी और अन्य साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। वहीं दुकान में मौजूद बुजुर्ग महिला ने भी डंडा निकालकर हमला किया। इस घटना में सूराज के सिर, मुंह और बाएं कंधे में चोट आई, जबकि उसके साथी गोविंदा के सिर में भी चोट लगी।
दर्री पुलिस ने सूराज अली की शिकायत पर चंडी, तमजीत कुरैशी एवं अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


















