👉🏻 CM साय ने विकास कार्यों की सौगात दी
कोरबा। ‘‘सुशासन तिहार‘‘ के अंतर्गत आज कोरबा ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम लेमरू में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए। उन्होंने कहा, यह मेरा सौभाग्य है कि मैं लेमरू जैसे दूरस्थ गाँव में आया हूँ। 22 वर्ष पहले यहाँ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी चैपाल लगाई थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लेमरू के जनसमस्या निवारण शिविर में लेमरू क्षेत्र को विकास की अनेक सौगातें दीं। उन्होंने लेमरू में सिंचाई के लिए एनीकट तथा पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत अरसेना और ग्राम पंचायत नकिया में विद्युतीकरण का कार्य कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बरपानी से देवदुवारी तक विकास कार्य कराने तथा ग्राम डोकरमना, ग्राम पंचायत कुदरी चिंगार और चिरईझुंझ में नवीन प्राथमिक शाला भवनों के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम पंचायत डोकरमना और ग्राम पंचायत चिरईझुंझ में नवीन आँगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण किया जाएगा तथा ग्राम पंचायत देवपहरी के वार्ड क्रमांक-1 में सीसी रोड और एक पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
👉🏻 कहा- जनता की सेवा परम कर्तव्य
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही हम सरकार में हैं और उनकी सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की जनता तक सीधी पहुँच की कार्यशैली का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 1 मई से प्रारंभ हुआ यह सुशासन तिहार 10 जून तक संचालित होगा, जिसके माध्यम से प्रदेशभर में जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह परिवार का मुखिया अपने परिवार के सुख-दुख जानने के साथ उनकी समस्याओं को दूर करता है, वैसे ही हमारी भी कोशिश है कि शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को परखने के साथ-साथ जनता की समस्याओं को दूर किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस शिविर में मंत्रीगण और सभी वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर एवं एसपी स्वयं जा रहे हैं। एक ही स्थान पर सभी अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कर समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से वे स्वयं भी किसी भी गाँव में अचानक पहुँचकर पेड़ के नीचे चैपाल लगा रहे हैं और जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण करा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने लेमरू में आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।






