👉🏻 मुड़ापार दशहरा मैदान में विवाद के बाद गली में चाकू मारा था
कोरबा। दशहरा त्यौहार की रात चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने लगातार तलाश करते हुए आखिरकार आधी रात तक तीन आरोपियों को दबोच लिया। इनका एक साथी फरार बताया जा रहा था जिसकी तलाश कर उसे आज सुबह पकड़ लिया गया। वह नाबालिग है। वारदात की सूचना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की है वरना आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में थे।
यह घटनाक्रम 20 अक्टूबर दशहरा की रात लगभग 10:30 बजे का था जिसमें मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत मुड़ापार के दशहरा मैदान में रावण दहन से पहले डीजे की धुन पर नाचने का सिलसिला चल रहा था। इस दौरान यहां मौजूद रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल और गोल्डन के साथ मुड़ापार निवासी बिट्टू चौहान की धक्का-मुक्की हो गई। नाचने के दौरान धक्का लगने से राहुल नाराज हो गया और उसने बिट्टू को झापड़ मार दिया। इसके बाद वहां विजय चौहान पहुंचा तो राहुल ने उसे भी हाथ -झापड़ से मारपीट किया व धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद बिट्टू, विजय चौहान, सिक्कू चौहान व एक अन्य ने मिलकर राहुल को मैदान से पास की गली में ले जाकर मारपीट किया और पास में रखे चाकूनुमा हथियार से पेट में कई बार वार कर दिया। लहूलुहान राहुल उर्फ गोल्डन वहीं गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में एएसपी लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली टीआई प्रेमचंद साहू ने मानिकपुर पुलिस के साथ से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए फरार आरोपियों की तलाश में तेजी लाई। यह चारों आरोपी क्षेत्र के बाहर एक झोपड़ीनुमा स्थान पर छिपे हुए थे जहां पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा, जबकि चौथा फरार हो गया ।
पकड़े गए आरोपियों से चाकू और छुरा बरामद कर जप्त किया गया है। एएसपी लखन पटले ने सारे घटनाक्रम की जानकारी दी है। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। राहुल के शव को पोस्टमार्टम उपरांत उसके परिजन के सुपुर्द किया गया।






