कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कोरबा उपसंभाग कार्यालय परिसर से सीटीपीटी मीटरिंग यूनिट चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली विभाग के सहायक अभियंता (उपसंभाग) द्वारा थाना सिविल लाइन में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, कार्यालय परिसर में रखी एक नग सीटीपीटी सेट मीटरिंग यूनिट को 26 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे तक देखा गया था। इसके बाद 27 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे कार्यालय में यूनिट नहीं मिली। आशंका जताई गई कि 26 अक्टूबर की रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा इसे चोरी कर लिया गया।
चोरी गई सीटीपीटी मीटरिंग यूनिट की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, जिससे विभाग को आर्थिक क्षति हुई है।
विभाग द्वारा चोरी गई यूनिट का विवरण भी पुलिस को दिया गया है। यूनिट का मेक इंस्ट्रूमेंट ट्रांसफॉर्मर्स, इंदौर (मध्यप्रदेश), सीरियल नंबर 51904, सीटी अनुपात 10/5 तथा वर्ष 2026 बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना में सुमंत कुमार निराला की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब चोरी की घटना के संबंध में जांच कर रही है तथा आरोपी की पहचान और चोरी गई मीटरिंग यूनिट की तलाश की जा रही है
👉🏻 क्या है CTPT यूनिट :- सीटीपीटी (Current Transformer–Potential Transformer) मीटरिंग यूनिट का उपयोग बिजली की उच्च क्षमता वाली सप्लाई में करंट और वोल्टेज को मापने तथा मीटरिंग के लिए आवश्यक सुरक्षित अनुपात में बदलने के लिए किया जाता है। यह बिजली की खपत की सही रीडिंग और विद्युत आपूर्ति की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इसके चोरी होने से संबंधित मीटरिंग व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिसके कारण बिजली की खपत की सही रीडिंग लेने, बिलिंग/ऊर्जा लेखा-जोखा और तकनीकी निगरानी में परेशानी उत्पन्न हो सकती है।
।
KORBA: बिजली कार्यालय से चोरी हुई मीटरिंग यूनिट






