कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास कुआभट्ठा मार्ग स्थित पिकअप वाहन स्टैंड की आड़ में चल रहे जुए के फड़ पर गुरुवार को मानिकपुर चौकी पुलिस ने छापा मारकर 8 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 18 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की।
चौकी प्रभारी एसआई।परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि वाहन स्टैंड में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और सभी जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार सभी आरोपी पेशे से वाहन चालक हैं। ये लोग खाली समय में वाहन स्टैंड के पास इकट्ठा होकर जुआ खेलते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार 800 रुपये नकद, कई मोबाइल फोन, ताश की गड्डी और अन्य जुआ सामग्री बरामद की। जुआ फड़ से 10,200 रुपये व 8600 रुपये पास से जप्त किया गया। मौके पर शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजल गिलास भी मिले हैं, जिससे वहां शराबखोरी होने की पुष्टि हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. जलील अंसारी, मो.हनीफ, साहिल अली, आनंद विश्वास, राजेंद्र साहू, अशोक चन्द्रा, मेंहताब आलम और मो. साबीर शामिल हैं। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।


















