0 ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किया गया अवलोकन
कोरबा-कटघोरा। 23 जुलाई 2026 को श्रीमती मोनिका सिंह, राज्य सलाहकार एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी, राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), रायपुर द्वारा ग्राम पंचायत शुक्लाखार, जनपद पंचायत कटघोरा, जिला कोरबा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) के कार्यों तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन का अवलोकन किया गया।

मोनिका सिंह ने स्वच्छग्राहियों एवं ग्रामीणों को कचरे का चार प्रकार से पृथक्करण (सूखा कचरा, गीला कचरा, सेनेटरी कचरा एवं विशेष देखभाल/इलेक्ट्रॉनिक कचरा) करने की जानकारी दी गई तथा स्वच्छ एवं कचरा मुक्त ग्राम के निर्माण हेतु विस्तार से चर्चा की गई। श्रीमती सिंह ने घर-घर कचरा संग्रहण कार्य में संलग्न स्वच्छग्राही समूह के सदस्यों को नियमित डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता शुल्क के महत्व के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
ग्राम के सरपंच एवं सचिव को ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, निर्धारित स्थान पर ही कचरा निस्तारण सुनिश्चित कराने, नियमों का पालन न करने वालों को पहले समझाइश देने तथा आवश्यक होने पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के संबंध में निर्देशित किया गया। साथ ही ग्रामीणों को चार प्रकार से कचरा अलग-अलग रखने, नियमित रूप से स्वच्छता शुल्क का भुगतान करने तथा ग्राम में निर्मित सामुदायिक शौचालय का नियमित उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रवण कुमार तंवर, विधायक प्रतिनिधि कटघोरा मनोज दास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कटघोरा यशपाल सिंह, जिला समन्वयक विमल धिरहि, जिला सलाहकार दीप सरकार, ब्लॉक समन्वयक, बीपीएम एन आर एल एम अमरनाथ तारम, तकनीकी सहायक प्रधानमंत्री आवास श्रीमती संगीता कंवर, सरपंच पंचरतन सिंह, पंचायत सचिव श्रीमती अनिता कंवर, ग्राम रोजगार सहायक, पंचगण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की महिलाएँ, स्वच्छग्राही एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


















