कोरबा। भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, जिला कोरबा की नई कार्यकारिणी एवं जिला पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। यह नियुक्तियां सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की जिला संयोजक डॉ. अंजना सिंह द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की सहमति, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुपम पॉल के अनुमोदन एवं कोरबा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर की गई है। नवगठित कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष पद पर सत्यप्रकाश (सत्या) जायसवाल की भी नियुक्ति की गई है। उनकी नियुक्ति को संगठन के लिए एक सकारात्मक और मजबूत कदम माना जा रहा है। उन्होंने इसके लिए संगठन के तमाम पदाधिकारियों का आभार जताते हुए जिम्मेदारी का बेहतर निर्वहन के प्रति आश्वस्त किया है।
👉🏻 एक कदम आगे बढ़कर करते हैं कार्य
सत्या जायसवाल प्रारंभ से ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे एक कुशल कलाकार होने के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों का सफल संचालन एवं आयोजन करते आए हैं, जिससे क्षेत्र में उनकी अलग पहचान बनी है।
उनकी विशेषता यह है कि वे केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि जरूरत पड़ने पर धार्मिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर आयोजकों के लिए अपनी टीम के साथ नि:शुल्क कार्यक्रम प्रस्तुत कर सहयोग करते हैं, जो उनकी सेवा भावना और सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।






