कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष/सरपंच संघ के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य के पुत्र प्रताप मरावी पर गंभीर आरोप लगाया गया है। पसान थाना में पीड़ित गनपत मरकाम द्वारा दी गई लिखित शिकायत में कहा गया है कि उस पर आवेदन वापस लेने दबाव बनाया जा रहा है। प्रताप मरावी के द्वारा 15 अप्रैल को उसके घर ग्राम कुम्हारीसानी में आकर बेटे को धमकाया गया कि जो केस लगाए हो उसको वापस ले लो, प्रकाश चंद्र जाखड़ का नाम वापस ले लो नहीं तो मारपीट होगा। इस तरह की धमकी दिए जाने से गनपत मरकाम और उसका पूरा परिवार डरा हुआ है, जान का खतरा बना हुआ है। ऐसी आशंका व्यक्त करते हुए गनपत मरकाम ने पसान थाना में 16 अप्रैल को लिखित शिकायत दर्ज करा दी है।
गौरतलब है कि गनपत मरकाम के द्वारा अपनी लापता पत्नी के साथ बलात्कार और हत्या कर दिए जाने के मामले में पोड़ी उपरोड़ा जनपद के उपाध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश चंद्र जाखड़ सहित कुल 5 लोगों के विरुद्ध अपराध में संलिप्त होने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में एक मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि जिन चारों लोगों पर आरोप लगाया जा रहा है उनकी भी जांच और कार्रवाई करने की मांग करते हुए गनपत मरकाम द्वारा पिछले दिनों कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा गया है। इस तरह से लगाए गए गंभीर आरोप को लेकर पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र की सामाजिक और राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। अब भाजपा के मंडल अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद यह सरगर्मी और बढ़ गई है। नीचे पढ़ें इस मामले से जुड़ी यह खबर …






