कोरबा। दीपका थाना अंतर्गत गेवरा क्षेत्र में चार पहिया वाहन की टक्कर से एसईसीएल में कार्यरत जूनियर टेक्निकल इंस्पेक्टर रूपचंद देवांगन घायल हो गया है। हादसे में उसके सिर, कंधे, कमर और घुटने में चोट आई है। घायल कर्मचारी रुपचंद देवांगन का उपचार नेहरू शताब्दी अस्पताल गेवरा में चल रहा है।

आहत कर्मचारी रुपचंद देवांगन के मुताबिक वह नाश्ता करने क्षेत्रीय महाप्रबंधक (आरजीएम) गेवरा कार्यालय के पास जा रहा था। वह अपने साइड में इलेक्ट्रिक स्कूटर चला रहा था। इसी दौरान CWS कार्यालय के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक चार पहिया वाहन ने उसके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चार पहिया वाहन स्कूटर को रगड़ते हुए करीब 200 मीटर तक ले गया।
रुपचंद के अनुसार वाहन रुकने के बाद उसमें से एक सितारा लगा एक पुलिस अधिकारी (एएसआई)उतरा।

पीड़ित का आरोप है कि हादसे के समय उक्त अधिकारी फोन पर बात कर रहा था। अधिकारी ने कथित तौर पर उससे कहा कि ‘ऐसा हो जाता है।’ हादसे में गिरने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उठाया। रुपचंद ने बताया कि सिर पर हेलमेट होने के कारण वह गंभीर चोट से बच गया।
घायल कर्मचारी को उसके साथी कर्मचारियों ने नेहरू शताब्दी अस्पताल गेवरा पहुंचाया। बताया गया कि कुछ समय बाद उक्त पुलिस अधिकारी (एएसआई) भी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टर से मिलने के बाद वह वहां से चला गया। पीड़ित के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों ने जब अधिकारी से उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए कहा तो उसने गाड़ी खराब होने का हवाला देते हुए अस्पताल पहुंचाने से इंकार कर दिया।
फिलहाल घायल कर्मचारी का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना को लेकर पीड़ित ने पूरे मामले की जानकारी दी है।




