0 सीपीआई ने जताई चिंता,महापौर-कलेक्टर-महापौर को लिखा पत्र
कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जिला परिषद कोरबा ने शहर की दो गंभीर जनसमस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर और नगर निगम महापौर को पत्र लिखा है। पार्टी ने नहर किनारे की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के तत्काल पुनर्निर्माण और वार्ड क्रमांक 12 स्थित ऐतिहासिक लक्ष्मण वन तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की है।
जिला सचिव कामरेड पवन कुमार वर्मा के पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि नहर किनारे स्थित सड़क मार्ग शहर का व्यस्ततम मार्ग है। प्रतिदिन हजारों नागरिक दोपहिया एवं छोटे चारपहिया वाहनों से बस स्टैंड, निहारिका, एम.पी. नगर एवं रेलवे स्टेशन इसी मार्ग से जाते हैं। लेकिन नहर के किनारे बनी सुरक्षा दीवार कई जगह से बुरी तरह टूट चुकी है। भारी वाहनों के दबाव या यातायात के दौरान वाहन के जरा सा किनारे आने से सीधे नहर में गिरने का खतरा बना हुआ है। यह स्थिति किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
ज्ञापन में दूसरी गंभीर समस्या वार्ड क्रमांक 12 के ऐतिहासिक लक्ष्मण वन तालाब की उठाई गई। पार्टी ने बताया कि तालाब की स्थिति अत्यंत दयनीय है। गंदगी के अंबार और जल भराव की व्यवस्था न होने से भू-जल स्तर लगातार गिर रहा है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में मच्छरों के प्रकोप से डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कामरेड पवन कुमार वर्मा ने कहा कि, “दोनों समस्याएं सीधे तौर पर आम जनता की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं जीवन से जुड़ी हैं। प्रशासन को तत्काल इन स्थलों का निरीक्षण कराकर काम शुरू करना चाहिए।” सीपीआई ने कलेक्टर एवं महापौर से मांग की है कि नहर किनारे की सुरक्षा दीवार का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए और लक्ष्मण वन तालाब की साफ-सफाई व जल भराव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पत्र की एक प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को भी प्रेषित की गई है।







