0 मृतकों के परिजनों में मचा कोहराम
कोरबा। छट्टी कार्यक्रम की खुशी में शामिल होने सक्ती जिला के ग्राम रेड़ा से कोरबा जिले के ग्राम खरहरी आ रहे लोग दुर्घटना का शिकार हो गए। इन्हें ला रही पिकअप मालवाहन कोरबा जिले के सीमा ग्राम मुकुंदपुर-मड़वारानी के मध्य अनियंत्रित होकर हसदेव नहर में गिर पड़ी। सवार लोगों में शामिल 5 लोग नहर में बह गए जिनमें महिलाएं व बच्चे शामिल हैं।

घटना की खबर आम होते ही यहां ग्रामीणों का हुजूम एकत्र हो गया और पुलिस की टीम ने गोताखोरों, नगर सेना की मदद से तलाश में दिन-रात एक कर दिया। 24 घण्टे की भीतर कुल 3 शव सक्ती जिले के ग्राम नगरदा में नहर से बरामद हुए जो बहकर पहुंचे थे। दो अन्य की तलाश अब भी जारी है। एक के बाद एक शव मिलने से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है और रो-रो कर बुरा हाल है वहीं ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त है। ग्राम खरहरी से लेकर रेड़ा में परिजनों से लेकर रिश्तेदारों में शोक की लहर है। विधि के इस क्रूर विधान में मासूम के शव निकालते ही अन्य लोगों की भी आंखें स्वमेव छलक पड़ीं। ये सभी पिकअप चालक की लापरवाही पूर्वक वाहन चालन की भेंट चढ़ गए हैं। फरार वाहन चालक पुलिस गिरफ्तार से दूर है जो कहीं न कहीं सदोष मानव वध का आरोपी बनाया जाना चाहिए।
0 करुण क्रंदन से हर किसी का दिल दहला
रेस्क्यू की कड़ी में रविवार को शाम से पहले इतवारी बाई कंवर 50 वर्ष का शव नगरदा नहर से बरामद किया गया। रेस्क्यू टीम देर रात तक अभियान चलाने के बाद कोरबा लौट आई थी। आज सुबह फिर से नहर किनारे नगरदा के पास तलाश शुरू की गई। कुछ ही घंटों के भीतर गोताखोरों ने 7 वर्षीय तान्या उर्फ खुशी साहू का शव बरामद किया। दोपहर में मानमती कंवर 55 वर्ष का शव घटनास्थल मुकुंदपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर मिला। घटनास्थल पर पीड़ित परिवार के सदस्य सुबह से ही मौजूद थे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इनके करुण क्रंदन से उपस्थित हर किसी का कलेजा दहल उठा है।