👉🏻 जिले में रिक्त पदों के लिए आज होगा मतदान,उपचुनाव का परिणाम 4 जून को
कोरबा। नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत के रिक्त हुए पदों पर उपचुनाव की पूरी तैयारी जहां जिला और पुलिस प्रशासन ने कर ली है वहीं चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों के द्वारा नामांकन दाखिले के साथ ही अपने प्रचार-प्रसार को तेज कर दिया गया। चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आज 1 जून परीक्षा की घड़ी है। किस प्रत्याशी के पक्ष में कितने मतदाता मतदान करेंगे, यह प्रत्याशी की लोकप्रियता और काबिलियत पर निर्भर करेगा। 4 जून को परिणाम की घोषणा के साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। चुनावी रणनीति और गहमा-गहमी के बीच रोचक मुकाबला तो लगभग सभी क्षेत्र में है लेकिन इनमें सर्वाधिक चर्चा का विषय पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र का बिंझरा जनपद बना हुआ है।
वैसे तो जिले में 35 पदों के लिए उपचुनाव होना है जिसमें 3 जनपद सदस्य,1 सरपंच,1 पार्षद और 30 पंचो का निर्वाचन शामिल है।
लेकिन इन सबके बीच बिंझरा जनपद सीट पर निगाहें खास हैं।
यहां पूर्व् में जनपद सदस्य वरिष्ठ भाजपा नेता अक्षय गर्ग थे जिन्होंने चुनाव में निकटतम प्रतिद्वंद्वी मिर्जा मुश्ताक अहमद, निवासी ग्राम मल्दा को परास्त किया था। चुनाव हारने के बाद अपने घटते प्रभाव से मुश्ताक ने अक्षय गर्ग से रंजिश रखना शुरू कर दिया और यह रंजिश खौफनाक हत्याकांड में तब्दील हो गई। कटघोरा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम केसलपुर में 23 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे अक्षय गर्ग जो कि ठेकेदार भी थे, अपनी साइट देखने गए थे। इस वक्त उनकी रेकी करते हुए पीछे से वार कर जघन्य हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मल्दा निवासी मुस्ताक अहमद को मुख्य आरोपी बनाया जिसके कहने पर अक्षय की हत्या की गई। वह और उसके साथी जेल में हैं।
इधर,अक्षय गर्ग की हत्या उपरांत रिक्त हुए बिंझरा जनपद क्षेत्र में उपचुनाव का ऐलान हुआ तो जेल में कैद मुश्ताक ने अपने पिता के जरिये नामांकन पत्र लिया और बिलासपुर से आकर नामांकन जमा भी किया।
मुख्य आरोपी मुस्ताक अहमद तो अक्षय गर्ग के जीते जी चुनाव जीत न सका लेकिन उनके खून से अपने हाथ रंगने के बाद अब अक्षय गर्ग की जगह लेने को आतुर है।
जनपद क्षेत्र सहित राजनीतिक गलियारे में यह बड़ी चर्चा का विषय बना है कि कुर्सी पर कौन काबिज होगा ? यह एक हाई-profile क्षेत्र बन गया है और अनेक लोग स्व.अक्षय गर्ग को श्रद्धांजलि के रूप में इस चुनाव को देख रहे हैं। सभी प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ बिंझरा क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता कराना प्रमुख विषय है। जनता को एक ऐसा जनप्रतिनिधि चाहिए जो उनके सुख-दु:ख में खड़ा रहे और विकास कार्य कराए।
👉🏻 इनमें से कोई एक होगा जनपद सदस्य
बिंझरा जनपद सदस्य के रिक्त स्थान की पूर्ति के लिए इनमें से कोई एक अगला सदस्य निर्वाचित होगा। यहां से अनिता यादव ग्राम बिंझरा,धनीराम कर्ष ग्राम मल्दा, कन्हैयालाल चौहान ग्राम मल्दा, लीलारपुरी गोस्वामी ग्राम गुरसियां, मिर्जा मुस्ताक अहमद ग्राम मल्दा पो. बिंझरा राजेश सिंह ग्राम बिंझरा, राजकुमार महंत, ग्राम कुटेशरनगोई, रामकुमार यादव ग्राम मल्दा पो. बिंझरा चुनाव लड़ रहे हैं।






