कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के छठवें दीक्षांत समारोह में कोरबा जिले में संचालित एके गुरुकुल महाविद्यालय के लिए गौरव का ऐतिहासिक क्षण सामने आया, जब महाविद्यालय की दो होनहार छात्राओं को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के करकमलों से मेरिटोरियस अवार्ड प्रदान किया गया। यह उपलब्धि महाविद्यालय के संचालन के बाद की पहली बड़ी शैक्षणिक सफलता मानी जा रही है।
इस भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव,उच्च शिक्षा मंत्री, कुलपति सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने वाली छात्राओं में कंप्यूटर एजुकेशन संकाय की भूमिका साहू एवं एम.ए. इकोनॉमिक्स के छात्र सचिन तिवारी शामिल हैं, जिन्होंने अपने-अपने विषयों में टॉप टेन में स्थान बनाकर ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ महाविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
महाविद्यालय के संचालक अक्षय कुमार दुबे ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “संस्थान की शुरुआत से ही हमारा उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना रहा है। बहुत कम समय में विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय स्तर पर इस तरह सम्मानित होना हमारे लिए प्रेरणा और गर्व दोनों है।”
उन्होंने यह भी बताया कि यह सफलता केवल दो छात्राओं की नहीं, बल्कि पूरे महाविद्यालय परिवार—शिक्षकों, स्टाफ और विद्यार्थियों—की संयुक्त मेहनत का परिणाम है। यह उपलब्धि आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी एके गुरुकुल महाविद्यालय इसी तरह नई ऊँचाइयाँ छूएगा।




